Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सोहना-तावडू पहाड़ी मार्ग बना जानलेवा, टूटी दीवारों से गहरी घाटी में गिर रहे वाहन

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 04:11 PM (IST)

    सोहना-तावडू पहाड़ी मार्ग पर टूटी सेफ्टी दीवारों के कारण हादसे बढ़ रहे हैं, जिससे यह मार्ग जानलेवा बन गया है। लोकनिर्माण विभाग की लापरवाही और मरम्मत मे ...और पढ़ें

    सोहना-तावडू पहाड़ी मार्ग पर टूटी सेफ्टी दीवारों के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। इमेज एआई

    सोहना-तावडू पहाड़ी मार्ग पर टूटी सेफ्टी दीवारों के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। इमेज एआई

    सतीश राघव, सोहना। सोहना-तावडू पहाड़ी मार्ग पर बनी सेफ्टी दीवारें जगह-जगह से टूटी हुई हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जानलेवा बन गया है। लोकनिर्माण विभाग की लापरवाही के कारण घाटी की ओर बनी ये दीवारें कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इस मार्ग पर पिछले एक वर्ष में कई हादसे घट चुके हैं, जिनमें कई वाहन चालक अपनी जान गंवा चुके हैं और अनेक लोग घायल हुए हैं।

    ताऊ देवीलाल मोड़ और काम्प्लेक्स मोड़ पर सेफ्टी दीवारों के टूटने के कारण कई गंभीर घटनाएं हुई हैं। तेज रफ्तार से आने वाले वाहन मोड पर गिरकर गहरी घाटी में जा गिरते हैं। हाल ही में एक कार पलटकर घाटी में गिर गई, जिसमें सवार सभी छह लोग घायल हो गए थे।

    इसी तरह, एक वेगनआर कार असंतुलित होकर पलट गई, जिसमें चालक मनीष, उनकी पत्नी नेहा और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए। यह मार्ग औद्योगिक नगरी के लिए महत्वपूर्ण है और गुरुग्राम, मानेसर, रेवाड़ी, भिवाड़ी, धारूहेड़ा, बाबल, रोजका मेव, आईएमटी पलवल, फरीदाबाद और दिल्ली जैसे शहरों को जोड़ता है।इस मार्ग पर बड़े ट्रालों का आवागमन होता है, जो अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।

    देवीलाल और तिकोना पार्क मोड के समीप सेफ्टी दीवारों के टूटने से चालकों की जान पर बन आती है। इस गंभीर समस्या की ओर सरकार और विभाग का ध्यान नहीं है, जिससे घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में, एक ट्राला दुकान में घुस गया, जिससे दो दुकानों को भारी नुकसान हुआ और दो बच्चे बाल-बाल बचे।सोहना की पहाड़ी के तीन किलोमीटर के दायरे में पांच खतरनाक मोड़ हैं, जिनमें से देवीलाल मोड़ और तिकोना पार्क सबसे खतरनाक हैं।

    खबरें और भी

    इन स्थानों पर सेफ्टी दीवारों की स्थिति बेहद खराब है। जब कोई बड़ा हादसा होता है, तब ही विभाग मरम्मत का कार्य करता है, अन्यथा टूटी दीवारों पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। इस समस्या का मुख्य जिम्मेदार लोकनिर्माण विभाग है। घाटी की ओर बाउंड्री वाल वाहनों को गिरने से बचाने के लिए बनाई गई थी, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण यह कई जगह से टूट चुकी है। यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग है, और इसकी देखरेख की जिम्मेदारी सरकार की है।

    स्थानीय नागरिकों का सुझाव है कि घाटी की ओर पत्थर की बाउंड्री वाल बनाई जानी चाहिए, ताकि तेज रफ्तार या असंतुलित वाहनों से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही, मार्ग का चौड़ीकरण भी आवश्यक है, ताकि घटनाओं में कमी लाई जा सके।

    मैंने विधानसभा में इस मार्ग के विस्तार का मुद्दा उठाया है, जिसे मंजूर कर लिया गया है। रोड का विस्तार होगा, जिससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा। रोड के कार्य का टेंडर होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

    -तेजपाल तंवर, विधायक सोहना