विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एशियन गेम्स MMA में मेडल जीतने वाली देश की पहली खिलाड़ी बनीं सुचिका, गुरुग्राम में ढोल-नगाड़ों से स्वागत

Published: Sat, 26 Sep 2026 11:05 AM (IST)

एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली सुचिका तारियाल हुड्डा का गुरुग्राम के नेहरू स्टेडियम में ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य ...और पढ़ें

सुचिका तारियाल हुड्डा को सम्मानित करते हरियाणा ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष तथा विधायक मुकेश शर्मा। फोटो: जागरण

सुचिका तारियाल हुड्डा को सम्मानित करते हरियाणा ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष तथा विधायक मुकेश शर्मा। फोटो: जागरण  

HighLights

  1. सुचिका तारियाल हुड्डा ने एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता

  2. गुरुग्राम के नेहरू स्टेडियम में भव्य स्वागत और अभिनंदन हुआ

  3. विधायक मुकेश शर्मा ने एक लाख रुपये देकर सम्मानित किया

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। जापान में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली सुचिका तारियाल हुड्डा का शुक्रवार को नेहरू स्टेडियम में ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

गुरुद्वारा रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला के पास से सुचिका को गाड़ी की छत पर बैठाकर स्वागत यात्रा निकाली गई। शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा नेहरू स्टेडियम पहुंची, जहां खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने उनका अभिनंदन किया।

सुचिका ने 21 सितंबर को 60 किलोग्राम भार वर्ग की मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश के लिए इतिहास रचा है।

वह एशियाई खेलों की एमएमए स्पर्धा में पदक जीतने वाली भारत की पहली खिलाड़ी हैं। गुरुग्राम खेल विभाग में जूनियर जूडो प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत सुचिका की इस उपलब्धि पर खेल जगत में खुशी का माहौल है।

suchika tariyal hudda

ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ जोरदार स्वागत

स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे स्थानीय विधायक व हरियाणा ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने सुचिका को एक लाख रुपये देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य 2036 में भारत में ओलिंपिक खेलों का आयोजन कराना है।

देश के खिलाड़ियों को अभी से इसके लिए तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से अपने खेल में बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने अतिथियों का स्वागत किया।

खेल विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों और निजी खेल नर्सरियों से जुड़े लोगों के अलावा भाजपा नेता उर्मिला यादव व पवन अहलावत ने भी सुचिका का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर प्रशिक्षक अशोक कुमार, मीनाक्षी सैनी, कुलवंत सिंह, सुनील नडानिया, शिवानी कटारिया, आलिया खान, निर्मला डागर, राजेश सैनी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

100 खिलाड़ियों के लिए बनेगा खेल हास्टल

विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि 100 खिलाड़ियों की क्षमता वाले खेल हास्टल की इमारत जल्द तैयार कराई जाएगी। उच्च अधिकारियों के माध्यम से अगले आठ-नौ महीने में इसका निर्माण कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मुख्यमंत्री की घोषणा का लाभ खिलाड़ियों को जल्द मिल सके।

यह भी पढ़ें- सिर्फ 17 की उम्र में देश को दिलाया गोल्ड, एशियन गेम्स कबड्डी फाइनल में चमकीं गुरुग्राम की निकिता