'हुड्डा पुलिस को मार रहे थे कोहनी...', हरियाणा सदन के बाहर हुई झड़प पर बोले अभय चौटाला; माहौल खराब करने का लगाया आरोप
इनेलो महासचिव अभय चौटाला ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर हरियाणा विधानसभा के बाहर पुलिसकर्मी को कोहनी मारने का आरोप लगाया है।

हरियाणा सदन के बाहर हुई झड़प पर बोले अभय चौटाला (फाइल फोटो)
HighLights
अभय चौटाला ने हुड्डा पर विधानसभा के बाहर पुलिसकर्मी को कोहनी मारने का आरोप।
कांग्रेस पर पुलिस को उकसाकर माहौल खराब करने की कोशिश का आरोप।
27 सितंबर को मेवात में चौधरी देवीलाल सम्मान दिवस रैली की तैयारी।
जागरण संवाददाता, हांसी। हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान सदन के बाहर हुए घटनाक्रम को लेकर इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा ने पुलिसकर्मी को कोहनी मारी और बाद में सदन के अंदर जाकर पुलिस पर ही आरोप लगा दिए। कांग्रेस पुलिस को उकसाकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है।
वीरवार को हांसी में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अभय चौटाला ने कहा कि उन्होंने घटनाक्रम की वीडियो क्लिप देखी है। इसमें हुड्डा पुलिस कर्मचारी को कोहनी मारते दिखाई दे रहे हैं।
काले कपड़े पहनकर जताया विरोध
उन्होंने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट है। विपक्ष की जिम्मेदारी सदन में जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की है, लेकिन कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर विरोध जताने और फिर वॉकआउट करने तक सीमित रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि इनेलो के दोनों विधायकों ने कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा।
अभय चौटाला ने बताया कि 27 सितंबर को मेवात में चौधरी देवीलाल के सम्मान दिवस पर राज्यस्तरीय रैली आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की जा रही हैं। अब तक करीब 50 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा पूरा हो चुका है और नौ सितंबर तक पूरे प्रदेश का दौरा पूरा करने का लक्ष्य है।
'कांग्रेस ने सिख समाज को पहुंचाई ठेस'
विधानसभा में पर्चा छीने जाने की घटना का जिक्र करते हुए चौटाला ने कांग्रेस नेताओं पर सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया और विधानसभा अध्यक्ष से संज्ञान लेने की मांग की।
उन्होंने सरकारी स्कूलों में वीडियो बनाने पर लगाए गए प्रतिबंध का भी विरोध किया। कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों के स्कूल की व्यवस्थाओं और स्थिति को देखने का अधिकार है। इस दौरान पार्टी में शामिल हुए नए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया।
