विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सस्ता ईंधन' अब बस नाम का, हांसी में 94.80 रुपये पर पहुंची CNG; चालकों के लिए बढ़ी परेशानी

Published: Tue, 01 Sep 2026 09:06 AM (IST)

हांसी में पिछले 25 दिनों में सीएनजी की कीमत 89.90 रुपये से बढ़कर 94.80 रुपये प्रति किलो हो गई है, ...और पढ़ें

हांसी में 94.80 रुपये पर पहुंची CNG (फोटो: जागरण)

हांसी में 94.80 रुपये पर पहुंची CNG (फोटो: जागरण)

HighLights

  1. 25 दिन में सीएनजी 89.90 से 94.80 रुपये हुई।

  2. डीजल और सीएनजी में अब 1.08 रुपये का अंतर।

  3. बढ़ती कीमतें आटो चालकों की चिंता बढ़ा रही हैं।

जागरण संवाददाता, हांसी। कम ईंधन खर्च की उम्मीद में सीएनजी वाहन खरीदने वाले चालकों के लिए अब बचत का गणित बिगड़ने लगा है। पिछले करीब 25 दिनों में हांसी में सीएनजी 89.90 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 94.80 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।

दूसरी तरफ शहर में डीजल 95.88 रुपये प्रति लीटर है। यानी सीएनजी और डीजल की कीमत में अब महज 1.08 रुपये का अंतर बचा है। खास बात यह है कि एक सप्ताह के भीतर सीएनजी की कीमत दूसरी बार बढ़ी है। पहले एक रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई और सोमवार को एक साथ 2.90 रुपये प्रति किलो दाम बढ़ गए।

लगातार बढ़ रही कीमतों ने खासकर आटो चालकों और रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले सीएनजी वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। पंप संचालकों का कहना है कि जिस रफ्तार से सीएनजी के दाम बढ़ रहे हैं, यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में इसकी कीमत डीजल से भी ऊपर जा सकती है। हालांकि भविष्य में कीमत कितनी होगी, यह आगामी दरों पर निर्भर करेगा।

सीएनजी को अब तक पेट्रोल-डीजल की तुलना में कम खर्च वाले ईंधन के विकल्प के रूप में देखा जाता रहा है। इसी वजह से शहर में आटो सहित निजी सीएनजी वाहनों की संख्या भी बढ़ी है। मगर महज 25 दिनों में 4.90 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी ने वाहन चालकों का मासिक ईंधन बजट प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

89.90 से 94.80 रुपये, 25 दिन में 4.90 रुपये की छलांग

करीब 25 दिन पहले हांसी में सीएनजी 89.90 रुपये प्रति किलो थी। अब इसकी कीमत 94.80 रुपये हो गई है। यानी इस अवधि में 4.90 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई। इसमें एक सप्ताह के दौरान ही दो बार कीमतों में बदलाव हुआ है।

हांसी में वर्तमान डीजल की कीमत 95.88 रुपये प्रति लीटर बताई गई है, जबकि सीएनजी 94.80 रुपये प्रति किलो हो गई है। दोनों के बीच अब केवल 1.08 रुपये का अंतर है। पंप संचालकों का कहना है कि सीएनजी की कीमत में आगे भी बढ़ोतरी हुई तो यह डीजल के भाव को पार कर सकती है।

सबसे ज्यादा नजर आटो चालकों के खर्च पर

सीएनजी की कीमत बढ़ने का सीधा असर उन चालकों पर अधिक पड़ेगा, जिनका वाहन प्रतिदिन कई किलोमीटर चलता है। आटो चालकों के लिए ईंधन रोजाना के खर्च का प्रमुख हिस्सा है। ऐसे में लगातार बढ़ते दाम उनकी कमाई और खर्च के गणित को प्रभावित कर सकते हैं।