विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Farmers Protest: पंजाब के किसानों के समर्थन में नहीं जुटे 10 जिलों के किसान, 5 में 300 ट्रैक्टर लेकर निकाला मार्च

Published: Mon, 16 Dec 2024 10:25 PM (IST)

पंजाब के किसानों को हरियाणा के किसानों का भरपूर साथ नहीं मिल रहा है। 10 जिलों के किसानों दूरी बना ...और पढ़ें

पंजाब के किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर मार्च निकालते किसान।
पंजाब के किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर मार्च निकालते किसान।

HighLights

  1. रोहतक, भिवानी सहित 10 जिलों में किसान संगठनों ने बनाई दूरी।
  2. फतेहाबाद में 110, सिरसा में 30 किसान ट्रैक्टर लेकर निकले।
  3. पंजाब के किसानों पर दागे जा रहे आंसू गैस के गोलों के खिलाफ जताया रोष।

जागरण टीम, हिसार। शंभू-खनौरी बॉर्डर पर दिल्ली कूच के लिए बैठे किसानों के समर्थन में सोमवार को ट्रैक्टर मार्च के आह्वान का ज्यादा असर नहीं दिखाई दिया। रोहतक, भिवानी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद सहित 10 जिलों के किसानों ने ट्रैक्टर मार्च नहीं निकाला। जबकि 5 जिलों के कस्बों में ही इसका असर दिखा।

सोनीपत, दादरी, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में किसान संगठन के प्रतिनिधि जुटे। पांच जिलों में करीब तीन सौ ट्रैक्टर पर किसान निकले। इधर, किसान सभा ने इससे दूरी बनाई। उनका कहना है कि हम आंदोलन का नहीं मांगों का समर्थन करते हैं।

वहीं, ट्रैक्टर मार्च के एलान के चलते सरकारी कार्यालयों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया। दरअसल, संयुक्त किसान संगठन और किसान मजदूर मोर्चा की ओर सोमवार को पंजाब छोड़कर अन्य राज्यों में ट्रैक्टर मार्च निकालने का एलान किया गया था।

सरकार के खिलाफ नाराजगी

हालांकि इसका कुछ खास असर नहीं दिखाई दिया। सिरसा के ऐलनाबाद, कालांवाली और ओढ़ां के गांवों में किसानों ने ट्रैक्टर रोष मार्च निकाला। इसमें 50 ट्रैक्टर ही शामिल हुए। रोष मार्च के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। रोष मार्च के बाद किसानों ने अधिकारियों को मांग पत्र सौंप किसानों की सभी मांगे जल्द पूरी करने की अपील की।

ऑल इंडिया किसान संगठनों से अलग है पंजाब के संगठन

किसान सभा भिवानी में किसानों ने कोई ट्रैक्टर मार्च नहीं निकाला। किसान सभा के जिला उप प्रधान कामरेड ओमप्रकाश ने बताया कि सरकार को किसानों की मांगों का समाधान करना चाहिए। शंभू व खनौरी बॉर्डर पर आंदोलनरत किसान संगठन ऑल इंडिया किसान संगठनों से नहीं जुड़े हैं। पंजाब के किसान संगठन उससे अलग हैं।

फतेहाबाद में हुई पुलिस अलर्ट, लघु सचिवालय के दोनों गेट किए बंद

फतेहाबाद में भारतीय किसान यूनियन (खेती बचाओ) के आह्वान पर ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। किसानों के आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने फतेहाबाद लघु सचिवालय के दोनों गेट बंद कर दिए गए और सुरक्षा बढ़ा दी। जिससे एक बार तनाव पैदा हो गया।

110 ट्रैक्टरों के आने से सड़क पर जाम भी लग गया। हांसी में 30 ट्रैक्टर पहुंचे हिसार-दिल्ली नेशनल हाइवे पर मय्यड़ टोल से लघु सचिवालय हांसी तक ट्रैक्टर मार्च निकाला। किसान दोपहर को करीब 12 बजे टोल पर एकत्रित होना शुरू हो गए थे।

उनकी तरफ से 30 ट्रैक्टर में मार्च निकालकर एसडीओ को ज्ञापन सौंपा गया। वहीं, दादरी के बाढड़ा खंड के ढिगावा मोड़ से लेकर जुई रोड स्थित एसडीएम कार्यालय तक 100 ट्रैक्टर पर रोष मार्च निकाला गया। इधर, सोनीपत के खरखौदा में भी 20 ट्रैक्टर पर किसान निकले।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।