विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Haryana Weather: हरियाणा के कई जिलों में हुई बारिश, 11 सितंबर को सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ; 15 के बाद फिर बदलेगा मौसम

Published: Mon, 07 Sep 2026 02:32 AM (IST)

हरियाणा एनसीआर में मानसून कमजोर पड़ने से 10 सितंबर तक उमस भरी गर्मी रहेगी। 11 सितंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय ...और पढ़ें

Haryana Weather: हरियाणा के कई जिलों में हुई बारिश। फाइल फोटो

Haryana Weather: हरियाणा के कई जिलों में हुई बारिश। फाइल फोटो

HighLights

  1. हरियाणा में 10 सितंबर तक उमस भरी गर्मी का प्रकोप।

  2. 11 सितंबर को सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, मानसून होगा कमजोर।

  3. किसानों को फसलों में नमी बनाए रखने के लिए सिंचाई की सलाह।

जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा एनसीआर में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर पड़ने के आसार हैं। मानसून टर्फ वर्तमान में हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों से गुजर रही है। इसके प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी जिलों पलवल, मेवात, फरीदाबाद सहित यमुनानगर और अंबाला में वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल रही है। वहीं कई जिलों में दिनभर बादलवाही बनी रही।

मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। आगामी दिनों में हरियाणा एनसीआर में मानसून कमजोर पड़ने की संभावना है। 10 सितंबर तक क्षेत्र में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन व्यापक वर्षा की संभावना कम है।

15 सितंबर के बाद मानसून गतिविधियों में दोबारा बदलाव 

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 11 सितंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसी दौरान राजस्थान के ऊपर प्रतिचक्रवात बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से हरियाणा एनसीआर में मानसून की गतिविधियां और कमजोर हो जाएंगी।

15 सितंबर के बाद मानसून गतिविधियों में दोबारा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश में हिसार का तापमान सभी जिलों से अधिक बना हुआ है। रविवार को भी हिसार का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सिरसा में 34.3 डिग्री व अंबाला में 33.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

प्रदेश में सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। वर्षा की गतिविधियां कमजोर रहने के पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों को फसलों की जरूरत के अनुसार सिंचाई करने की सलाह दी गई है। जिन क्षेत्रों में पर्याप्त वर्षा नहीं हुई है, वहां किसान फसलों में नमी बनाए रखने के लिए सिंचाई का प्रबंध करें।

तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
जिला - अधिकतम - न्यूतनम

हिसार - 35.6 - 25.0
अंबाला - 33.8 - 24.3
सिरसा - 35.4 - 27.0
कैथल - 32.7 - 24.6
पंचकूला - 32.8 - 23.7
करनाल - 31.0 - 23.9