Haryana Weather: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का कहर जारी, कई जिलों में वर्षा से गिरा तापमान; गेहूं की फसल पर खतरा
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी है, जिससे कई जिलों में वर्षा हुई और तापमान में 3 से 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबा ...और पढ़ें
-1773942134260_m.webp)
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का कहर जारी। फोटो जागरण
HighLights
पश्चिमी विक्षोभ से हरियाणा में जारी है वर्षा का दौर।
प्रदेश के तापमान में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट।
तेज वर्षा और ओलावृष्टि से गेहूं फसल को नुकसान।
जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा में 18 मार्च को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदेश के कई जिलों में वर्षा हुई, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते मौसम में ठंडक बनी रही। इसके प्रभाव से सभी जिलों में तापमान में 3 से 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह से ही अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए रहे।
दोपहर बाद कई जिलों में बूंदाबांदी शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। अंबाला, हिसार, सिरसा, चरखी दादरी, गुरुग्राम, जींद, करनाल, पलवल, पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 5 एमएम वर्षा रोहतक में हुई। सोनीपत में भी 4 एमएम वर्षा दर्ज की गई। हिसार में 1.8 एमएम वर्षा दर्ज की गई। दिनभर 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं।
सूर्य न निकलने व वर्षा होने से तापमान में लगातार गिरावट आई। जिससे शाम के समय लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। मौसम विज्ञानी डा. चंद्रमोहन के अनुसार शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव और अधिक बढ़ेगा। प्रदेश के सभी जिलों में मध्यम से तेज वर्षा के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।
वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में बर्फबारी जारी रहने से ठंडक का असर और बढ़ेगा। वर्षा के चलते हिसार का अधिकतम तापमान शुक्रवार को करीब 7 डिग्री तक गिर गया। यहां अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री और न्यूनतम 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
खबरें और भी
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान यमुनानगर का 29.2 डिग्री रहा, जबकि सबसे कम तापमान महेंद्रगढ़ में 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च को प्रदेश के उत्तरी जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
आगामी दिनों में दो और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जिससे मौसम में बदलाव बना रहेगा। तेज हवा व अधिक वर्षा गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक है। जिससे फसलें खराब होने की आशंका है।
विभिन्न जिलों का तापमान -डिग्री सेल्सियस में
- जिला - न्यूनतम तापमान - अधिकतम
- अंबाला - 18.6 - 25.8
- हिसार - 16.1 - 23.2
- करनाल - 17.7 - 26.6
- महेंद्रगढ़ - 14.5 - 26.5
- रोहतक - 18.0 - 20.7
- भिवानी - 18.7 - 27.5
- चरखी दादरी - 18.3 - 25.0
- गुरुग्राम - 16.4 - 24.9
- जींद - 15.2 - 23.6
- यमुनानगर - 17.6 - 29.2