हिसार में सड़क हादसा, कार-ट्रैक्टर की टक्कर में चाची-भतीजे की मौत; 3 घायल
अग्रोहा में बालक चौपटा-किरोड़ी मार्ग पर कार और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के चाची-भतीजे की मौत हो गई।

हिसार में सड़क हादसे में चाची-भतीजे की मौत हो गई है।
HighLights
अग्रोहा में कार-ट्रैक्टर की भीषण टक्कर, दो की मौत
हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर घायल
परिवार फतेहाबाद से अंतिम संस्कार से लौट रहा था
संवाद सहयोगी, अग्रोहा (हिसार)। अग्रोहा से बरवाला रोड पर बालक चौपटा-किरोड़ी मार्ग के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में आल्टो कार और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हो गई।
हादसे में कार सवार एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान भिवानी के बड़वा निवासी कविता और उनके भतीजे चिराग के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार भिवानी के बड़वा गांव के रमेश, उनके ताऊ ताराचंद, चाची रामरती, चाची कविता और भाई चिराग आल्टो कार में सवार होकर फतेहाबाद के गांव नहला गए थे। वे वहां कविता के पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे।
शोक व्यक्त करने के बाद जब पूरा परिवार वापस अपने गांव बड़वा लौट रहा था, तभी बालक चौपटा-किरोड़ी के समीप सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई।
भीषण टक्कर में कार के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अग्रोहा मेडिकल कालेज पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने कविता और चिराग को मृत घोषित कर दिया।
वहीं रमेश, ताराचंद और रामरती का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही अग्रोहा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने पीड़ित परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतका कविता को एक बेटा और एक बेटी है। कविता के इलेक्ट्रिशियन पति मुकेश हाल ही में हाई-टेंशन तारों की चपेट में आने से घायल हो गए थे और उनका भी इलाज चल रहा है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाला दूसरा मृतक चिराग अविवाहित था। अग्रोहा पुलिस पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
