विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 20, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Amit Shah in Haryana: हरियाणा में पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह, सीएम नायब सैनी और पूर्व CM मनोहर लाल ने किया स्वागत

Published: Mon, 20 May 2024 11:07 AM (IST)Updated: Mon, 20 May 2024 01:36 PM (IST)

हरियाणा के करनाल और हिसार में बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) प्रचार करेंगे। इसके ...और पढ़ें

हरियाणा में गृहमंत्री अमित शाह देंगे विपक्ष को हराने का मंत्र ।
हरियाणा में गृहमंत्री अमित शाह देंगे विपक्ष को हराने का मंत्र ।

जागरण संवाददाता, हिसार/करनाल। (Amit Shah in Karnal Rally Updates) भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार यानी आज हरियाणा के करनाल पहुंचे। यहां पर उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। साथ ही वो हिसार लोकसभा सीट के नौ विधानसभा क्षेत्र की होने वाली रैली में अमित शाह रणजीत के लिए वोट की अपील करेंगे।

करनाल में पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह

करनाल में गृहमंत्री अमित शाह के मंच पर पहुंचने पर पूर्व सीएम मनोहर लाल ने स्वागत किया। मनोहर लाल ने कहा कि देश की एकता को मजबूत करने वाले अमित शाह का हरियाणा की जनता की ओर से स्वागत है।

करनाल में गृहमंत्री अमित शाह का संबोधन

करनाल में पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने दोनों हाथ उठाकर जन समूह से जय श्री राम का उद्घोष कराया। उन्होंने कहा कि इतनी धूप में इतनी बड़ी संख्या में आपका यहां आने पर आप सबका और मेरे जिगर के टुकड़े जैसे युवाओं का बहुत-बहुत स्वागत है। चुनाव में पहली बार हरियाणा आया। मंजी शाह गुरुद्वारा चुलकाना धाम और अन्य धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए नमन किया। शाह ने हरियाणा के किसानों और जवानों के साथ खिलाड़ियों का उल्लेख किया।

शाह ने मनोहर लाल के लिए करनाल के लोगों से मांगा आर्शीवाद

शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वन रैंक वन पेंशन का मामला कांग्रेस ने लंबे समय तक लटकाए रखा। उन्‍होंने आगे कहा कि करनाल से लोकसभा प्रत्याशी मनोहर लाल के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं। पार्टी ने तय किया है कि वह दिल्ली और देश में जनता की सेवा करें। शाह ने कहा कि मैं आज बड़े मन से कहना चाहता हूं की मनोहर लाल की विदाई हो चुकी है और अब नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री है लेकिन मनोहर लाल ने जो काम किया वह आज मिसाल है। वहीं स्वास्थ्य शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में मनोहर सरकार के कार्यों का उल्लेख भी किया। साथ ही उन्‍होंने कहा कि पूरे हरियाणा को 10 साल में विकसित करने का काम भाजपा सरकार ने किया। उन्‍होंने कहा कि पहले हरियाणा में भ्रष्‍टाचार, गुंडागर्दी और भाई-भतीजावाद चलता था। 

नायब सैनी के पक्ष में भी बोले शाह

अब हरियाणा की कमान हमारे मुख्‍यमंत्री नायब सैनी के हाथों है। शाह ने कहा कि मैं करनाल वालों को कहने आया हूं आपसे मुख्यमंत्री ले लिया और आपको मुख्यमंत्री देने का काम भी हम ही कर रहे हैं। वहीं कश्‍मीर मुद्दे पर भी शाह ने लोगों से पूछा कि कश्‍मीर हमारा है कि नहीं? इसके बाद उन्‍होंने कहा कि कश्‍मीर के लिए भारत का बच्चा-बच्चा अपनी जान दे सकता है। कांग्रेस नेता मणिशंकर पर निशाना साधते हुए शाह बोले की वह कहते हैं कि पाकिस्‍तान को सम्मान दो। शाह ने कहा, "मैं अंगराज कर्ण की इस धरती पर कहने आया हूं कि यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है पाक अधिकृत कश्मीर हमारा है और हम इसे लेकर रहेंगे।''

प्रधानमंत्री मोदी ने अर्थतंत्र को पहुंचाया पांचवे नंबर पर: शाह

शाह ने आगे कहा कि अपने मोदी जी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया। आज असम से कश्मीर तक हमारा तिरंगा लहरा रहा है। मोदी जी ने हमारे अर्थतंत्र को 11 से पांचवें नंबर पर लाने का काम किया है। वहीं अपने तीसरे टर्म में तीसरे नंबर पर लाने का काम करेंगे। राम मंदिर पर बोलते हुए शाह ने कहा कि 70 साल से राम मंदिर का मामला लटका कर अटका कर रखा था, मोदी को अपने प्रधानमंत्री बनाया। मोदी ने भूमि पूजन किया। केस जीता और 24 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कर के जय श्री राम कर दिया। 

कांग्रेस पर हमला करते हुए शाह ने कहा कि इन लोगों ने गरीबों की सिर्फ बात की। काम कुछ नहीं किया। मैं राहुल बाबा से पूछने आया हूं कि आपने संवैधानिक पद पर बैठे जगदीप धनखड़ के रूप में किसान के बेटे का अपमान क्यों किया। वहीं मोदी और मनोहर सरकार ने किसानों के हित में बड़ी योजनाएं चलाई हैं। 

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने राहुल गांधी पर साधा निशाना 

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने करनाल में आयोजित विजय संकल्प रैली में कहा कि मौसम की गर्मी और चुनाव की गर्मी में इतनी भीड़ देखकर मैं कह सकता हूं कि हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट और विधानसभा उपचुनाव में कमल खिलेगा। आप सबसे पूछ कर यह गारंटी दे रहा हूं। हर गांव हर सभा में एक ही स्वर गूंज रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी इस बार सामान्य बहुमत से नहीं 400 पार के आधार पर प्रचंड बहुमत से प्रधानमंत्री बनें। राहुल गांधी तो महात्मा गांधी के पासंग भी नहीं हैं। वह कांग्रेस को खत्म करके महात्मा गांधी के सपने को पूरा कर रहे हैं

सीएम नायब सिंह सैनी का संबोधन

सीएम नायब सैनी ने कहा कि कर्ण की भूमि पर पधारने पर उनका बहुत-बहुत स्वागत है। 25 मई को मतदान है और आप सबसे अपील है कि करनाल में कमल का बटन दबेगा और उसकी ताकत दिल्ली में मोदी जी के पास जाएगी। मुझे पूरे प्रदेश में जाने का अवसर मिला है। लोग एक ही बात बोल रहे हैं की 11 के 11 कमल के फूल हरियाणा में खेलेंगे। पिछले 10 वर्ष में हमारी सरकार ने मोदी जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए अनेक कार्य किए।

उन्होंने आगे कहा कि युवाओं किसानों और सभी वर्गों का ध्यान रखा। समस्याओं का समाधान किया है। घमंडिया गठबंधन के लोगों को पता चल चुका है कि मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे इसलिए वे संविधान बदलने के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। 

भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला के प्रचार के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को हिसार पहुंचेंगे। वह मंच से विपक्ष को हराने का मंत्र देकर जाएंगे। देवीलाल के बेटे रणजीत के लिए वोट मांगने पहुंचने वाले शाह के निशाने देवीलाल के परिवार के सदस्य व राजनीतिक चेले कांग्रेस प्रत्याशी होंगे।

दूसरी तरफ शाह के मंच पर पार्टी का हर बड़ा नेता होगा। हर वोटर को साधने का प्रयास होगा। रणजीत के चुनाव प्रचार में यह रैली जोश भरने का काम करेगी। दूसरी तरफ शाह की सुरक्षा को लेकर दो एसपी, एक एएसपी, 10 डीएसपी सहित 1200 पुलिस जवान तैनात होंगे।

डायवर्ट किया गया रूट

भाजपा नेता और गृहमंत्री अमित शाह की पुराना राजकीय कॉलेज मैदान में रैली होगी। इसमें हिसार लोकसभा क्षेत्र की नौ विधानसभा के कार्यकर्ता पहुंचेंगे। मंच से भाजपा नेता अमित शाह कांग्रेस, इनेलो और जजपा पर निशाना साधते भी नजर आएंगे। साथ ही वह जीत का मंत्र कार्यकर्ताओं को देंगे।

ये नेता रहेंगे मौजूद

भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला के अलावा मंत्री डा. कमल गुप्ता, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, विधायक बिशंबर बाल्मीकि, भव्य बिश्नोई, पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई, पूर्व राज्यसभा सदस्य डा. डीपी वत्स, जिला अध्यक्ष आशा खेदड़ सहित अनेक नेता मौजूद रहेंगे।

दो एसपी सहित 1200 जवान संभाला सुरक्षा का मोर्चा

हिसार पहुंचने वाले अमित शाह की सुरक्षा को लेकर दो पुलिस अधीक्षक, एक एएसपी, 10 डीएसपी, 15 इंस्पेक्टर और 1200 पुलिस कर्मचारी सुरक्षा में तैनात हैं। पुलिस ने रैली को देखते हुए आम आदमी के लिए एडवाइजरी भी जारी है। पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा के निर्देशानुसार आमजन को असुविधा के बचाने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी है। इसके साथ ही वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

ये भी पढ़ें: कांग्रेस में नहीं थम रही गुटबाजी, अब हरियाणा की सियासत में भूचाल; किरण चौधरी ने लगाया बड़ा आरोप

उप पुलिस अधीक्षक सत्यपाल यादव ने बताया कि 20 मई को पुराना राजकीय कालेज मैदान में रैली को लेकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सिरसा चुंगी, सिविल अस्पताल मोड़ से होते हुए लक्ष्मी बाई चौक तक सड़क पर आंशिक रूप से यातायात बाधित रह सकता है।

ये होगी ट्रैफिक व्यवस्था

सिरसा चुंगी और हिसार बायपास होते हुए दिल्ली की तरफ से आने वाले नागरिक सिविल अस्पताल मोड़, तलाकी गेट, नागोरी गेट, परिजात चौक के पास तिब्बती मार्केट पार्किंग और बालसमंद रोड पर सुशीला भवन के साइड में बनाई गई पार्किंग का प्रयोग करें। बालसमंद रोड की तरफ से रैली स्थल पर आने वाले नागरिक सुशीला भवन के साइड वाली पार्किंग का प्रयोग करें।

राजगढ़ रोड और दिल्ली रोड की तरफ से जिंदल चौक से होते हुए आने वाले नागरिक लक्ष्मी बाई चौक से मलिक चौक होते हुए सुशीला भवन की पार्किंग और लक्ष्मी बाई चौक से फोर व्हीलर चौक से होते हुए रेड स्क्वायर मार्केट में बनी पार्किंग का प्रयोग करें।

ये भी पढ़ें: CM Yogi In Sirsa: आज सिरसा आएंगे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, BJP उम्मीदवार अशोक तंवर के पक्ष में करेंगे प्रचार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।