विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहू ने पैर नहीं छूए तो सास ने दिए ताने, परेशान होकर फंदे पर झूली नवविवाहिता; हिसार थाने में 5 के खिलाफ FIR दर्ज

Published: Tue, 20 Oct 2026 12:28 PM (IST)

हिसार में सास के ताने और दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर 29 वर्षीय विवाहिता सुमन ने बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

बहू ने पैर नहीं छूए तो सास ने दिए ताने (प्रतीकात्मक फोटो)

बहू ने पैर नहीं छूए तो सास ने दिए ताने (प्रतीकात्मक फोटो)


HighLights

  1. हिसार में विवाहिता सुमन ने फंदा लगाकर आत्महत्या की

  2. सास के ताने और दहेज प्रताड़ना से थी परेशान

  3. पति सहित पांच ससुरालवालों पर केस दर्ज हुआ

जागरण संवाददाता, हिसार। शहर के 12 क्वार्टर एरिया की गली नंबर 10 में रहने वाली विवाहिता सुमन (29) घर आने के बाद अपनी सास के पांव नहीं छुए तो सास ने बहू को ताने मारे। इस बात से परेशान होकर सुमन ने कमरे के बाथरूम के अंदर रोशनदान में चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पता चलने पर सुमन के पति और ससुर ने एचटीएम थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का दरवाजा तोड़कर सुमन को फंदे से नीचे उतारा। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने सोमवार सुबह आदर्श नगर निवासी और मृतका के पिता सुरेश के बयान पर पति मनमोहन, सास शकुंतला, ससुर रोहताश और ननद रितु और ममता के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। नागरिक अस्पताल के शवगृह में चिकित्सकों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फरवरी 2025 में हुई थी शादी

पुलिस को दिए बयान में आदर्श नगर निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने बेटी सुमन की शादी फरवरी 2025 में 12 क्वार्टर की गली नंबर 10 में रहने वाले मनमोहन के साथ की थी।

दामाद सेक्टर 27-28 में एक फैक्ट्री में कंप्यूटर का काम करता है। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालवालों ने बेटी को दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। दहेज न देने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। छोटी-छोटी बातों पर उसे परेशान करते थे। जिस कारण बेटी के सिर में दर्द रहने लगा।

शहर के एक निजी अस्पताल से उसका उपचार चल रहा था। एक दिन बेटी ने अपनी सास से कहा कि दवा से असर नहीं हो रहा है क्या पता दुआ से असर हो जाए।

ऐसे में मंदिर में जाना चाहती हूं, लेकिन उसकी सास ने उसे मंदिर में जाने से भी इन्कार कर दिया। पति और ससुरालवालों से परेशान होकर बेटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार देर शाम को बेटी के ससुरालवालों ने फोन पर मामले से अवगत करवाया था। जब अस्पताल पहुंचे तो बेटी की मौत हो चुकी थी।

नवरात्र में हवन में शामिल होने गई थी मायके

जानकारी के अनुसार रविवार को सुमन के मायके में नवरात्र के चलते हवन था। ऐसे में वह अपने पति मनमोहन के साथ सुबह मायके गई थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मायके से ससुराल लौटी थी।

जब वह घर पर पहुंची तो सीधे अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद उसकी सास ने कहा कि घर आने के बाद मेरे पांव क्यों नहीं छुए। इसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया। चार बजे के बाद मनमोहन घर से चला गया।

शाम को जब वह घर आया तो चौबारे में कमरे के अंदर बाथरूम अंदर से बंद था। उसके बाद बाथरूम की कुंडी तोड़ी तो सुमन का शव रोशनदान में चुन्नी से लटक रहा था।

पुलिस थाने में हुई पंचायत

सोमवार सुबह दोनों पक्षों के लोग एचटीएम थाना परिसर में एकत्रित हुए। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत होती रही। आखिर में मृतका के स्वजन ने उसके पति समेत पांच के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवाया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। मृतका के पिता सुरेश के बयान पर सुमन के पति समेत पांच के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। -एएसआइ राकेश, 12 क्वार्टर पुलिस चौकी इंचार्ज, हिसार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।