Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Paris Olympic 2024: विनेश फोगाट अयोग्य घोषित, CM सैनी ने जताया दुख; दीपेंद्र हुड्डा और कुमारी सैलजा ने खड़े किए सवाल

    Updated: Wed, 07 Aug 2024 03:08 PM (IST)

    भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) बुधवार को 100 ग्राम ओवरवेट के चलते पेरिस ओलंपिक 2024 (Paris Olympic 2024) में अयोग्य घोषित हो गईं। जिस ...और पढ़ें

    पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट अयोग्य घोषित हुई। (जागरण फोटो)
    पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट अयोग्य घोषित हुई। (जागरण फोटो)

    HighLights

    1. ओलंपिक में अयोग्य घोषित हुई विनेश फोगाट
    2. सीएम सैनी ने कहा बेहद दु:खद है ये फैसला
    3. दीपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा ने उठाए सवाल

    एएनआई, हिसार। भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) बुधवार को पेरिस ओलंपिक (Paris Olympic 2024) में 100 ग्राम ओवरवेट के चलते अयोग्य घोषित कर दी गईं। जिसके बाद से पूरे देश में दुख का माहौल है।

    पेरिस ओलंपिक के इस फैसले के बाद से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने एक्स पर पोस्ट करते हुए पहलवान विनेश फोगाट का हौसला अफजाई किया है। साथ ही इस फैसले को दु:खद करार दिया है। वहीं, भुपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा और कुमारी सैलजा ने भी सवाल खड़े किए हैं।  

    क्या कहा सीएम सैनी ने?

    पेरिस ओलंपिक में भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित करने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा,

    विनेश आप भारत का गौरव हैं। आप हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आपने अपनी शानदार खेल प्रतिभा से ओलंपिक में भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया है। आज का फैसला हर भारतीय के लिए बेहद ही दु:खद है। हरियाणा समेत पूरा भारत आपके साथ खड़ा है। आपने सभी चुनौतियों का डट कर सामना किया है। हमें अपनी बेटी पर पूर्ण विश्वास है कि आप हर बाधाओं को पार कर हमेशा भारत का मान बढ़ाती रहेंगी। भारत की शान हमारी बेटी विनेश फोगाट।

    भूपेंद्र हुड्डा ने जताई साजिश की आशंका

    वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण फैसला है। विनेश बहुत अच्छी खिलाड़ी हैं और उन्होंने दुनिया में अपना नाम कमाया है। मुझे लगता है कि कोई साजिश रची गई है। इसकी जांच होनी चाहिए।

    दीपेंद्र हुड्डा ने भी जताई नराजगी

    ओलंपिक के इस फैसले पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा (Dipendra Singh Hooda) ने भी नराजगी व्यक्त की है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा,

    हम उनके स्वर्ण पदक जीतने का इंतजार कर रहे थे। इस खबर से पूरा देश स्तब्ध है। विनेश देश की नजर में चैंपियन थीं, हैं और रहेंगी। उन्होंने कड़ी मेहनत की और फाइनल में पहुंची थीं। कल तीनों मुकाबलों में उनका वजन सही था, इसलिए कम से कम रजत पदक के लिए उनके नाम पर विचार किया जाना चाहिए। भारतीय ओलंपिक संघ को ये बात ओलंपिक संघ के समक्ष रखनी चाहिए।

    कुमारी सैलजा ने खड़े किए सवाल

    वहीं, कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने पेरिस ओलंपिक के इस फैसले पर कहा कि हमारी ओलंपिक की मैनेजमेंट को जवाब देना पड़ेगा कि क्या कारण रहा, एकदम वजन कैसे बढ़ गया?

    बॉक्सर विजेंदर सिंह ने भी उठाया सवाल

    इस क्रम में भाजपा नेता और पूर्व बॉक्सर विजेंदर सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा,

    खबरें और भी

    "जब भी कभी ओलंपिक में वजन मापा जाता है तो खिलाड़ी को एक-दो घंटे का वक्त दिया जाता है कि आपका वजन कम कर लीजिए। रनिंग साइकिलिंग से आराम से वजन कम किया जा सकता था। यहां तक कि हम लोग तो इतने ट्रेंड होते हैं कि रात भर में 5 किलो तक भी चाहें तो कम कर सकते हैं। मैंने तीन ओलंपिक्स देखे हैं, लेकिन ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। ये तो सीधा-सीधा भारत को गोल्ड रोकने का षडयंत्र है। पूरे हिंदुस्तान को विनेश के साथ खड़े होना चाहिए। विनेश को वक्त दिया जाना चाहिए था।"

    यह भी पढ़ें: 'ये विनेश का नहीं देश का अपमान', फोगाट को अयोग्य घोषित करने पर संजय सिंह ने की ओलंपिक बहिष्कार की अपील