विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली से पहले फूटा प्रदूषण बम, हरियाणा के 10 शहरों में AQI 300 पार; देश में सबसे प्रदूषित पंचगांव

Published: Fri, 06 Nov 2026 06:35 PM (IST)

दीपावली से पहले हरियाणा के 10 शहरों में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, पंचगांव देश का सबसे प्रदूषित ...और पढ़ें

दीवाली से पहले फूटा प्रदूषण बम। फाइल फोटो

दीवाली से पहले फूटा प्रदूषण बम। फाइल फोटो

HighLights

  1. हरियाणा के 10 शहरों में एक्यूआइ 300 का स्तर पार।

  2. गुरुग्राम का पंचगांव 426 एक्यूआइ के साथ देश में शीर्ष पर।

  3. दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 लागू, निर्माण-वाहनों पर पाबंदी।

जागरण टीम, हिसार/पानीपत। दीपावली पर आतिशबाजी के पटाखों के शोर से पहले प्रदूषण ने बड़ा धमाका किया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 10 शहरों में एक्यूआइ 300 का स्तर पार कर गया है। गुरुग्राम के पंचगांव में यह 426 तक पहुंचकर गंभीर श्रेणी में चला गया। ये देश में सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शीर्ष पर है।

बल्लभगढ़ 397 के साथ गंभीर श्रेणी से सिर्फ चार अंक दूर है। सबसे चिंताजनक स्थिति ये है कि बल्लभगढ़ और भिवानी में तेजी से हवा जहरीली हो रही है। पिछले दो दिन में बल्लभगढ़ का एक्यूआइ 126 से 397 और भिवानी का 253 से 353 हो गया। हरियाणा के शहरों के बिगड़ते हालात इसी से समझ सकते हैं कि दिल्ली का औसत एक्यूआइ इन दो दिन में 369 से बढ़कर 382 तक ही पहुंचा है।

इधर, वायु गुणवत्ता बिगड़ने और आने वाले दिनों में स्थिति गंभीर श्रेणी में पहुंचने के पूर्वानुमान के बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने शुक्रवार से दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू कर दी हैं। पहले से लागू ग्रैप-1 और ग्रैप-2 के उपाय भी जारी रहेंगे।

आयोग ने संबंधित एजेंसियों को प्रदूषण रोकने के उपाय सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। ग्रैप-3 के तहत धूल उड़ाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ के कई कार्यों पर रोक रहेगी। पत्थर तोड़ने वाले संयंत्रों और खनन गतिविधियों को भी बंद करने के निर्देश हैं। गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत एनसीआर के अधिक वाहन घनत्व वाले जिलों में कुछ श्रेणियों के पुराने पेट्रोल और डीजल वाहनों पर भी सख्त पाबंदियां लागू होंगी।

पंचकूला की हवा सबसे अच्छी

गुरुग्राम के पंचगांव के बाद बल्लभगढ़ 397, गुरुग्राम 368, भिवानी 353, हिसार 333, मानेसर 332, बहादुरगढ़ 328, फरीदाबाद 313, चरखी दादरी 310 और रोहतक 306 रहे। पंचगांव गंभीर और बाकी नौ शहर बहुत खराब श्रेणी में हैं। अंबाला और सोनीपत में 270, जींद में 252, पानीपत में 214 और सिरसा में 195 एक्यूआइ रहा। पंचकूला 59 के साथ सबसे बेहतर रहा।

भिवानी में सबसे तेज बढ़ा प्रदूषण

पांच नवंबर के मुकाबले भिवानी में एक्यूआइ 198 से 353 हो गया। बल्लभगढ़ में 316 से 397 और गुरुग्राम में 331 से 368 पहुंचा। दूसरी ओर फतेहाबाद में 247 से 196, कुरुक्षेत्र में 289 से 243, नारनौल में 250 से 209 और जींद में 268 से 252 की गिरावट आई।

देश के टाप-10 शहर

क्रम शहर राज्य एक्यूआइ

1 पंचगांव हरियाणा 426
2 गजरौला उत्तर प्रदेश 407
3 बल्लभगढ़ हरियाणा 397
4 दिल्ली दिल्ली 382
5 खैरथल राजस्थान 378
6 गुरुग्राम हरियाणा 368
7 अनपरा उत्तर प्रदेश 353
8 भिवानी हरियाणा 353
9 बिलाईपाड़ा ओडिशा 348
10 भिवाड़ी राजस्थान 335

जानें पिछले साल इस दिन थी कुछ राहत

शहर 6 नवंबर 2025 6 नवंबर 2026
भिवानी 253 353
चरखी दादरी 337 310
बल्लभगढ़ 126 397
गुरुग्राम 257 368
रोहतक 348 306
पानीपत 217 214
- स्रोत: केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय वायु गुणवत्ता बुलेटिन

जानें... क्या होता है ग्रैप-3

ग्रैप यानी वायु प्रदूषण रोकने के लिए लागू की जाने वाली श्रेणीबद्ध कार्ययोजना। तीसरे चरण में दिल्ली-एनसीआर में धूल फैलाने वाले कई निर्माण और तोड़फोड़ कार्यों पर रोक लगती है। पत्थर तोड़ने वाले संयंत्र और खनन गतिविधियां बंद की जाती हैं। गुरुग्राम-फरीदाबाद समेत अधिक वाहन घनत्व वाले जिलों में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल के पुराने चारपहिया वाहनों पर सख्ती की जाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।