विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झज्जर के सुंदरहेटी गांव में हाई-वोल्टेज ड्रामा, नशा पकड़ने गई पुलिस के साथ ग्रामीणों की झड़प; 25 पर केस दर्ज

Published: Sun, 06 Sep 2026 02:16 PM (IST)

नशा विरोधी कार्रवाई के दौरान झज्जर के सुंदरहेटी गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद गहरा गया है।

ग्रामीणों ने पुलिस के साथ की झड़प (जागरण)

ग्रामीणों ने पुलिस के साथ की झड़प (जागरण)

HighLights

  1. सुंदरहेटी गांव में नशा विरोधी कार्रवाई के दौरान पुलिस-ग्रामीणों में विवाद

  2. पुलिस ने 25 ग्रामीणों पर हमला, तोड़फोड़ और लूट का मामला दर्ज किया

  3. ग्रामीणों ने थाना प्रभारी पर नशे में अभद्रता और जातिसूचक शब्दों का आरोप

संवाद सूत्र,  साल्हावास। गांव सुंदरहेटी में नशा विरोधी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच हुआ विवाद लगातार गहराता जा रहा है।

पुलिस ने थाना प्रभारी और कर्मचारियों पर जानलेवा हमला, मारपीट, वर्दी फाड़ने, सरकारी वाहन में तोड़फोड़ और सामान लूटने के आरोप में 25 लोगों पर मामला दर्ज किया है। वहीं, गांव की महिलाओं और पंचायत ने थाना प्रभारी पर शराब के नशे में अभद्रता, मारपीट और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप लगाते हुए एसीपी साल्हावास को शिकायत दी है। घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है।

थाना साल्हावास में दर्ज एफआइआर के मुताबिक, थाना प्रभारी निरीक्षक बलराज को 4 सितंबर की शाम सूचना मिली थी कि आपराधिक मामले में वांछित आरोपी गांव सुंदरहेटी में पवन उर्फ पौना की बैठक में छिपे हैं।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू करने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान एक महिला ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुला लिया। इसके बाद पवन, ममता, कोमल समेत 15 से 25 लोगों ने पुलिस टीम का रास्ता रोककर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला किया। थाना प्रभारी का गला दबाने का प्रयास करने तथा सरकारी वाहन के शीशे तोड़ने का भी आरोप है।

एसीपी को दी शिकायत

दूसरी ओर, कोमल और ममता ने एसीपी साल्हावास को दी शिकायत में आरोप लगाया कि पुलिस टीम रात 8:15 बजे बिना महिला पुलिसकर्मी, पंच, सरपंच या चौकीदार के घर में दाखिल हुई।

आरोप है कि थाना प्रभारी शराब के नशे में थे और उन्होंने अभद्र व्यवहार करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। हाथापाई में कपड़े फटने तथा फोन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।

सरपंच कृष्ण कुमार का कहना है कि बाद में भारी पुलिस बल दोबारा गांव पहुंचा और महिलाओं के साथ मारपीट की गई। थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और तत्काल तबादले की मांग की है। मामले से जुड़े कुछ वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

दो मोबाइल फोन, ईयरबड्स व 8300 रुपये लूटने का आरोप

एफआइआर में थाना प्रभारी के दो मोबाइल फोन, ईयरबड्स और 8300 रुपये समेत करीब 88,300 रुपये का सामान लूटने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी पवन को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।