अमेरिका से लॉरेंस बिश्नोई गैंग चला रहे गैंगस्टर रणदीप मलिक की मां की संपत्ति पर चला बुलडोजर; जींद प्रशासन का बड़ा एक्शन
जींद के ऐंचरा कलां गांव में गैंगस्टर रणदीप मलिक की मां की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया। रणदीप अमेरिका से लॉरेंस बिश्नोई गैंग चलाकर हरियाणा में यु ...और पढ़ें

गैंगस्टर रणदीप मलिक की मां की संपत्ति पर चला बुलडोजर। फोटो जागरण
HighLights
जींद में गैंगस्टर रणदीप मलिक की मां की संपत्ति ध्वस्त।
रणदीप अमेरिका से लॉरेंस बिश्नोई गैंग संचालित कर रहा।
अवैध कमाई से खरीदी गई थी यह संपत्ति।
संवाद सूत्र, सफीदों (जींद)। उच्च अधिकारी के आदेशों पर बुधवार को अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग चला रहे गांव ऐंचरा कलां निवासी रणदीप मलिक की मां की प्रोपर्टी पर बुलडोजर चलाया गया। यह प्रोपर्टी रणदीप मलिक द्वारा अमेरिका जाने से पहले उसकी मां के नाम 31 मई 2023 को पुश्तैनी जमीन से अलग खरीदी गई थी।
प्रशासन की जांच में सामने आया कि उसने आपराधिक गतिविधियों की कमाए गए पैसों से अपने गांव में प्रोपर्टी खरीदी थी। जो उसकी मां राजेश देवी के नाम पर दर्ज है। बुधवार सुबह प्रशासनिक टीम गांव ऐंचरा कलां पहुंची।
टीम में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार संजय कुमार, सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार व कानूनगो संजय कुमार समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। जैसे ही बुलडोजर ने प्रोपर्टी को गिराना शुरू किया तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
जरूरतमंद युवाओं को पैसे देकर करवाता है अपराध
सफीदों सदर थाना में सोनीपत एसटीएफ के पीपीटी हरी प्रकाश द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार गैंगस्टर रणदीप मलिक विदेश में बैठकर फोन और अन्य माध्यमों से गैंग को संचालित करता है। विभिन्न राज्यों में वारदातों को अंजाम दिलाता है।
गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई व उसके भाई अनमोल बिश्नोई के बाद गुजरात जेल में बंद होने के बाद दोनों भाइयों ने अपनी गैंग द्वारा अपराध जारी रखने का जिम्मा अपने साथी गैंगस्टर रणदीप मलिक निवासी ऐंचरा कलां को सौंप रखा है।
खबरें और भी
अब अमेरिका बैठकर सफीदों खंड के गांव ऐंचरा कला का रणदीप मलिक गैंग चल रहा है और अपने गुर्गे बना रहा है। रणदीप मलिक 2015 में भारत से अमेरिका गया था। वह वहां पर ट्रक चलाता है। रणदीप मलिक ने 2024 में अमेरिका से रीमेलिटी के माध्यम से हरियाणा राज्य के करीब 30 से 40 लोगों को पैसे भिजवाए हैं।
अब वह इन युवाओं से हरियाणा में फिरौती, धमकी व अन्य संवेदनशील अपराध करवा रहा है। गैंगस्टर रणदीप ने 26 नवंबर 2024 को हिसार जिले के दो युवाओं के जरिए चंडीगढ़ शहर में दो बम धमाके करवाए थे। 10 दिसंबर 2024 को गुरुग्राम शहर के सेक्टर 29 में भी बम धमाका करवा कर धमकी दी है।
फायरिंग और बम धमाका, धमकी देकर फिरौती का मांग
गैंगस्टर रणदीप मलिक जरूरतमंद युवाओं को पैसे का लालच देकर उनसे फोन पर संपर्क करके हरियाणा राज्य में अपराध फैला रहा है। इन युवाओं से फोन पर संपर्क करता है, होटल में ठहराव करवाता है। हथियार व बम इत्यादि ट्रांसपोर्ट करता है और फायरिंग में बम धमाके करवाता है।
धमकी देकर फिर फिरौती मंगवाता है। समय रहते यदि रणदीप मलिक पर काबू पाकर हरियाणा में विभिन्न जिलों में तैयार हो रहे गुर्गों को काबू नहीं किया गया तो, निकट भविष्य में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ेगा।
शिकायत के आधार पर एसटीएफ द्वारा पांच युवकों को गिरफ्तार करके जेल में भेज दिया गया है। इनमें कैथल के किठाना निवासी कुलदीप (29), पानीपत के आसन कला निवासी दिनेश (26), कैथल के महादेव कॉलोनी निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू, करनाल के असंध रेहड़ा निवासी महिपाल व पानीपत की राहर कला निवासी करण शर्मा शामिल है। गुर्गे के तैयार करने व फिरौती मांगने के अपराधों में सफीदों थाने में 12 दिसंबर 2024 को केस दर्ज है।
यह कार्रवाई सरकार के निर्देशों के तहत की गई है। जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित प्रोपर्टी 31 मई 2023 को अवैध आय से अर्जित की गई थी। ऐसे मामलों में सरकार की जीरो टालरेंस नीति लागू की जा रही है। जिसके तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों को जब्त या ध्वस्त किया जा रहा है।
- संजय कुमार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार
रणदीप मलिक का नाम लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सामने आता रहा है। सफीदों सदर थाने में उसके गुर्गे द्वारा फिरौती मांगे जाने का व मामला दर्ज है। 12 दिसंबर 2024 में भी सोनीपत एसटीएफ से शिकायत प्राप्त हुई थी।
सफीदों क्षेत्र का रणदीप मलिक हरियाणा में 30-40 युवाओं को पैसे भेज कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिलाया रहा है। जिसमें चंडीगढ़ व गुरुग्राम में भी है बम धमाकों की घटना के संबंध में भी दो मुकदमे रणदीप मलिक पर दर्ज है।
हरियाणा और पंजाब में उसके खिलाफ अनेक गंभीर मामले दर्ज हैं। उन्होंने साफ कहा है कि अपराध से कमाई गई संपत्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
- राजेश कुमार, सदर थाना प्रभारी सफीदों