जींद में राजकीय स्कूल के छात्र से दुर्व्यवहार, टीचर पर पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
जींद के सफीदों में एक राजकीय स्कूल के अध्यापक पर आठवीं कक्षा के छात्र से अनुचित व्यवहार और परेशान करने का आरोप लगा है।

राजकीय स्कूल में छात्र से अनुचित व्यवहार, अध्यापक पर पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज।
HighLights
सफीदों के राजकीय स्कूल में छात्र से अनुचित व्यवहार का आरोप।
आठवीं कक्षा के छात्र ने अध्यापक पर परेशान करने की शिकायत की।
अध्यापक के खिलाफ पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज।
संवाद सूत्र, सफीदों (जींद)। शहर के एक राजकीय स्कूल में कक्षा आठवीं के छात्र के साथ अध्यापक द्वारा कथित तौर पर अनुचित व्यवहार और परेशान करने का मामला सामने आया है।
छात्र की शिकायत के बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस को शिकायत दी है। प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस ने अध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल प्राचार्य ने पुलिस को शिकायत दी कि आठवीं कक्षा के छात्र ने 29 अगस्त को स्कूल में लिखित शिकायत दी थी। आरोप लगाया कि स्कूल में कार्यरत एक अध्यापक ने उसके साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक व अनुचित व्यवहार किया और बातचीत के दौरान उसे परेशान किया।
छात्र ने अध्यापक पर उससे संपर्क करने, मिलने के लिए कहने व अन्य कथित घटनाओं का भी उल्लेख किया है। छात्र की शिकायत मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और पुलिस को जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने आरोपित अध्यापक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 व पोक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया है।
