यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'आरक्षण खत्म करना चाहती हैं भाजपा-कांग्रेस', जींद में मायावती ने बोला हमला; कहा- गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं राहुल
जींद में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती पर आयोजित सम्मान दिवस समारोह में बसपा सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर हम ...और पढ़ें

HighLights
- भाजपा और कांग्रेस पर मायावती ने बोला हमला
- कहा-राहुल गांधी गिरगिट की तरह बदलते हैं रंग
जागरण संवाददाता, जींद। जींद के उचाना विधानसभा क्षेत्र में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती पर आयोजित सम्मान दिवस समारोह में पहुंची उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो ने कहा कि हरियाणा में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनने पर अभय चौटाला मुख्यमंत्री होंगे और दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। एक उपमुख्यमंत्री वंचित समुदाय से होगा, जो बसपा से होगा और दूसरा उपमुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग होगा।
मायावती ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस आरक्षण समाप्त करना चाहती हैं। राहुल गांधी विदेश में जाकर आरक्षण समाप्त करने की बात करते हैं और भारत में आकर गिरगिट की तरह रंग बदल लेते हैं। किसी राज्य में चुनाव होता है, तो वहां जाकर कहते हैं कि कांग्रेस आरक्षण के पक्ष में हैं।
भाजपा पर जमकर बोला हमला
हरियाणा में इनेलो और बसपा हरियाणा में मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। चौधरी देवीलाल की जयंती के जरिए इंडियन नेशनल लोकदल ने किसानों और दलितों को अपने साथ जोड़ने का काम किया। मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी सरकार में गन्ने का रेट इतना दिया गया कि आज तक किसी ने नहीं दिया।
केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण बेरोजगारी, महंगाई काफी बढ़ रही है। हरियाणा में भी विरोधी पार्टियों की सरकारों में अनुसुचित जाति, आदिवासियों, मुस्लिम, मजदूरों एवं किसानों का विकास नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें- Haryana Election: 1 अक्तूबर को फरीदाबाद की धरती से विपक्ष पर बरसेंगे PM मोदी, आगामी रैली को लेकर तैयारियां शुरू
किसान, व्यापारी दुखी हैं: ओपी चौटाला
इस दौरान इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला व इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने भी रैली को संबोधित किया। ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि भाजपा के राज में पढ़े-लिखे नौजवानों को जमीन बेच विदेश जाना पड़ा। आज किसान, व्यापारी दुखी हैं। ओपी चौटाला ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने का दावा कर रही है, लेकिन उनके नेता जनसभाओं में महिलाओं को लेकर गलत टिप्पणियां कर रहे हैं।
खबरें और भी
'कांग्रेस की वजह से विदेशों में बदनाम हुआ भारत'
वहीं, अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस के 10 साल के राज में हुए घोटालों के कारण पूरे विश्व में भारत बदनाम हो गया था। कांग्रेस का राज खत्म होने के बाद भाजपा का राज आया। किसानों पर अत्याचार हुए। अभय ने कहा कि मैं अकेला किसान आंदोलन में उनके साथ खड़ा रहा। किसानों के कहने पर 26 जनवरी को विधानसभा में इस्तीफा तक दे दिया था। हमने किसान हितैषी होने की चौधरी देवीलाल की परंपरा को आगे बढ़ाया।
जींद के उचाना में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती पर आयोजित सम्मान िदवस समारोह में लोगों का अभिवादन स्वीकारते बसपा सुप्रीमो मायावती, इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला व अभय चौटाला। l सौ. इनेलो
बांगर की धरती से फिर ताकत की तलाश
बांगर की धरती जींद को राजनीति लांचिंग पैड माना जाता है। पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल से लेकर पांच बार मुख्यमंत्री रहे ओमप्रकाश चौटाला और फिर उपममुख्यमंत्री रह चुके दुष्यंत चौटाला हमेशा ही जींद की धरती से राजनीतिक ताकत लेते रहे हैं। यहां की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कभी खास प्रभाव रखने वाला इनेलो फिर अपने आधार को तलाश रहा है।
दो साल पहले भी चौधरी देवीलाल की जयंती पर सम्मान समारोह का कार्यक्रम जींद में किया गया और चुनाव के बीच में आई जयंती पर भी उचाना में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम किया गया। इससे साफ है कि चौटाला परिवार फिर एक बार से जींद की धरती से राजनीतिक ताकत की उम्मीद लगा रहा है।