शकूरबस्ती से मेंटेनेंस के फिर से जींद पहुंची हाइड्रोजन ट्रेन, अब प्लेटफार्म नंबर 3 से सोनीपत के लिए चलेगी
हाइड्रोजन ट्रेन शकूरबस्ती से मेंटेनेंस के बाद जींद पहुंची और अब प्लेटफार्म नंबर तीन से सोनीपत के लिए रवाना होगी। जींद सिटी और पांडू पिंडारा से यात्री ...और पढ़ें
-1784981967494_m.webp)
शकूरबस्ती से मेंटेनेंस के जींद पहुंची हाइड्रोजन ट्रेन।
HighLights
मेंटेनेंस के बाद हाइड्रोजन ट्रेन जींद पहुंची
अब प्लेटफार्म नंबर तीन से सोनीपत के लिए चलेगी
कम किराए में यात्री कर रहे सुविधाजनक सफर
जागरण संवाददाता, जींद। शकूरबस्ती से मेंटेनेंस के बाद हाइड्रोजन ट्रेन जींद पहुंची और शनिवार ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन से अपने निर्धारित सात बजकर 40 मिनट पर जींद जंक्शन से रवाना हुई। जींद से सोनीपत के लिए 30 यात्रियों ने सफर किया। अब हाइड्रोजन ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन से ही सोनीपत के लिए चलेगी, जबकि पिछले सप्ताह प्लेटफार्म नंबर एक से चल रही थी।
एक सप्ताह बाद भी हाइड्रोजन ट्रेन में सोनीपत जाने वाले यात्री जंक्शन पर पहुंचकर सेल्फी व रील बना रहे हैं। हाइड्रोजन ट्रेन में औसतन जींद से हर रोज 20 से 30 यात्री सफर कर रहे हैं। वहीं, जींद सिटी और पांडू पिंडारा से औसतन 35 से 30 यात्री सफर कर रहे हैं। इसका मुख्य कारण है कि जींद सिटी स्टेशन शहर के बीच में स्थित है। यहां रोहतक रोड व भिवानी रोड के यात्री आसानी से सोनीपत जाने के लिए हाइड्रोजन ट्रेन पकड़ लेते हैं।
उन्हें जींद जंक्शन जाने की जरूरत नहीं पड़ती। अगर यहां के यात्री जींद जंक्शन से हाइड्रोजन ट्रेन पकड़ेंगे तो उन्हें पांच से छह किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा। जबकि भिवानी रोड व रोहतक रोड के लोगों के लिए सिटी रेलवे स्टेशन पास पड़ता है। यहां से औसतन हर रोज 35 से 40 यात्री हाइड्रोजन ट्रेन में सफर करते हैं।
वहीं, बस स्टैंड से सोनीपत के लिए केवल एक बस सुबह आठ बजकर 40 मिनट पर जाती है। इसके बाद अगर यात्रियों को बस में सोनीपत जाना हो तो उन्हें गोहाना से बस बदलनी पड़ती है। बस में सोनीपत जाने के लिए 90 रुपये किराया लगा है। गोहाना के लिए भी जींद से प्राइवेट बस ज्यादा चलती हैं। वहीं हाइड्रोजन ट्रेन में सोनीपत के लिए 25 रुपये किराया लगता है।
खबरें और भी
इस कारण यात्री पांडू पिंडारा से भी सोनीपत के लिए ज्यादा संख्या में ट्रेन पकड़ते हैं। वहीं जींद जंक्शन से नरवाना रोड, कैथल रोड, हांसी रोड, पटियाला चौक एरिया के यात्री हाइड्रोजन ट्रेन पकड़ते हैं। बता दें कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करते हुए जींद जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक से रवाना किया था।
पहले दिन स्पेशल पास पर 200 विद्यार्थियों व उनके साथ शिक्षकों ने ट्रेन में सफर किया था। इसके बाद 18 जुलाई के दिन ट्रेन को मेंटनेंस के लिए शकूरबस्ती भेज दिया गया था। इस दौरान रेलवे ने यात्रियों के लिए सुचारू रूप से ट्रेन के चलने को लेकर शेड्यूल जारी किया था।
शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन
शेड्यूल के अनुसार हाइड्रोजन ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। शुक्रवार को ट्रेन को मेंटेनेंस के लिए शकूरबस्ती भेजा जाएगी। वहीं अन्य दिनों में ट्रेन सात बजकर 40 मिनट पर जींद जंक्शन से रवाना होती है और जींद सिटी, पांडू पिंडारा, ललितखेड़ा, भंभेवा, ईसापुर खेड़ी, बुटाना, खंराई, गोहाना, राबरा, लाठ, मोहाना, बरवासनी होते हुए सोनीपत पहुंचती है।
जींद से सोनीपत की दूरी 89 किलोमीटर है। जींद से सुबह सात बजकर 40 मिनट पर चलकर ट्रेन दो घंटे में नौ बजकर 40 मिनट तक सोनीपत पहुंच जाती है। यहां एक घंटा ठहराव के बाद ट्रेन सोनीपत से 10 बजकर 40 मिनट पर जींद के लिए रवाना होती है।