हरियाणा: उचाना तहसील में किसान ने जहर निगलकर दी जान, सुसाइड नोट में तहसीलदार-कानूनगों और पटवारी के लिखे नाम
जींद के उचाना तहसील परिसर में किसान प्रह्लाद ने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या कर ली, जिसकी अस्पताल में मौत हो ...और पढ़ें

उचाना तहसील में किसान ने जहर निगलकर दी जान (फाइल फोटो)
HighLights
उचाना तहसील में किसान प्रह्लाद ने जहरीला पदार्थ पीकर जान दी
सुसाइड नोट में तहसीलदार, कानूनगो, पटवारी, नंबरदार पर आरोप
जमीन विवाद के चलते आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप
जागरण संवाददाता, जींद। उचाना तहसील परिसर में सोमवार को गांव झील के किसान प्रह्लाद ने जहरीला पदार्थ पी लिया। नागरिक अस्पताल जींद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
उसकी जेब से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें तहसीलदार, कानूनगो, पटवारी, नंबरदार व उसके भाई पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पांचों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
किसान प्रह्लाद (60) सोमवार को अपनी जमीन के मामले में उचाना तहसील में गया था। तहसील परिसर में उसने दोपहर करीब 12 बजे जहरीला पदार्थ पी लिया। पुलिस ने उसे उचाना के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया।
वहां से उसे जींद रेफर कर दिया। नागरिक अस्पताल जींद में चिकित्सकों ने प्रह्लाद को मृत घोषित कर दिया। प्रह्लाद के बेटे सोमपाल ने पुलिस को शिकायत दी कि उसके चाचा राजकुमार ने अपने हिस्से की दो एकड़ जमीन गांव के ही सुमित नंबरदार व उसके भाई सचिन को बेच दी थी। अभी तक उनकी खेवट इकट्ठी थी।
खेवट अलग करने का उनका केस कमिश्नर की अदालत में विचाराधीन है। सोमपाल ने आरोप लगाया, सुमित नंबरदार व उसका भाई सचिन उसके पिता प्रह्लाद को धमकी देते थे कि तुम्हारे भाई की जमीन तो हमने खरीद ली, अब तुम्हारी जमीन पर कब्जा करेंगे। सुमित नंबरदार व सचिन ने तत्कालीन तहसीलदार, कानूनगो व पटवारी के साथ मिलीभगत करके उस जमीन की तकसीम 2022 में अपने नाम करवा ली, जिसकी जुताई उसके पिता प्रह्लाद करते थे। इसी कारण उसके पिता परेशान थे। इसी परेशानी में उसके पिता ने आत्महत्या की है। सुसाइड नोट में भी प्रह्लाद ने यही लिखा है।
पुलिस ने सुसाइड नोट व प्रह्लाद के बेटे सोमपाल की शिकायत पर सुमित नंबरदार व उसके भाई को नामजद कर तहसीलदार, कानूनगो व पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रह्लाद जमीन के किसी काम को लेकर तहसील में आया था, यहीं उसने जहरीला पदार्थ पी लिया। पुलिस जांच कर रही है। -चंद्रपाल, उचाना थाना प्रभारी।
