पहले दिन हाइड्रोजन ट्रेन में केवल 20 यात्रियों ने किया सफर, 25 रुपये के टिकट में इतनी सुविधा देख रह गए भौचक्के
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जींद से सोनीपत रूट पर यात्रियों के लिए संचालन शुरू हो गया है। पहले दिन 20 यात्रियों ने सफर किया। ...और पढ़ें

हाइड्रोजन ट्रेन में 20 यात्रियों ने किया सफर, दिखा उत्साह; ली सेल्फियां।
HighLights
जींद-सोनीपत रूट पर पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस, किराया भी सामान्य यात्री ट्रेन जैसा
सप्ताह में छह दिन चलेगी, यात्रियों ने ली सेल्फी
जागरण संवाददाता, जींद। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जींद से सोनीपत रूट पर यात्रियों के लिए रविवार को संचालन शुरू हो गया है। पहले दिन जींद जंक्शन से 20 यात्रियों ने सफर किया। यार्ड से निकल कर ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। ट्रेन को देखकर यात्री काफी उत्साहित थे। यात्रियों का कहना था कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन अब यात्रियों के लिए सुचारू रूप से शुरू हो गई है।
इसका यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। ट्रेन में अत्याधुनिक सुविधाएं होने के के बावजूद किराया भी कम है। जब ट्रेन प्लेटफार्म पर आकर रुकी तो ट्रेन के सामने आकर यात्रियों ने सेल्फी भी ली। 25 मिनट तक ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी रही। इसके बाद सात बजकर 40 मिनट पर ट्रेन सोनीपत के लिए रवाना हुई। ट्रेन में बैठे यात्री राजपाल ने कहा कि वह अपने पोत्र-पोत्रियों के साथ स्पेशल हाइड्रोजन ट्रेन से सोनीपत जा रहे हैं।

17 जुलाई को जब हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन हुआ था तो उन्हें ट्रेन में जाने का मौका नहीं मिल पाया था। ऐसे में वे रविवार को बच्चों को स्पेशल हाइड्रोजन ट्रेन की सैर करवाने आए हैं। वहीं, कैथल जिले के गांव बात्ता निवासी विशाल ने कहा कि उसे किसी काम से पानीपीत जाना है। वह कैथल से जींद पहुंचा, तो यहां आकर हाइड्रोजन ट्रेन को देखा। विशाल ने कहा कि यह देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन है, जो हरियाणा से चल रही है।
यह गौरव की बात है। यात्री काशी प्रसाद, सोनू व विपिन ने कहा कि इसमें यात्रियों के लिए लिए बेहतर सुविधा है। ट्रेन के अंदर डिस्पले स्क्रीन लगी हुई है। इस पर अगले स्टेशन और उस पर पहुंचने का समय भी दर्शाया जाता है।
खबरें और भी

इसके अलावा साउंड सिस्टम में भी यात्रियों को अगले स्टेशन व ट्रेन की विशेषताओं के बारे में बताया जा रहा है। इसके अलावा सीट पर चार्जिंग प्वाइंट भी लगे हुए हैं, जहां यात्री मोबाइल व लैपटाप चार्जिंग पर लगाकर बैठे हुए थे। ट्रेन में मैट्रो जैसी सुविधाएं हैं। इसकी खिड़कियां भी मैट्रो ट्रेन की तरह खुलती हैं।
सप्ताह में चलेगी छह दिन
रेलवे की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार शुक्रवार को छोड़कर यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन नंबर 74010 सुबह सात बजकर 40 मिनट पर जींद जंक्शन से रवाना होगी। जो जींद सिटी स्टेशन, पांडू पिंडारा, ललितखेड़ा हाल्ट, भंभेवा, ईसापुरा खेड़ी हाल्ट, बुटाना, खंदराई हाल्ट, गोहाना, राभरा हाल्ट, लाठ, मोहाना हरियाणा व बड़वासनी होते हुए नौ बजकर 40 मिनट पर ट्रेन सोनीपत पहुंचेगी।

ट्रेन नंबर 74009 सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर सोनीपत से जींद के लिए रवाना होगी, जो दोपहर एक बजे जींद पहुंचेगी। हाइड्रोजन ट्रेन में वहीं किराया रहेगा जो पैसेंजर ट्रेन में रहेगा। जींद से सोनीपत रूट तक का किराया 25 रुपये रहेगा।