विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भजन लाल के समर्थक पूरी तरह मेरे और भाजपा के साथ', कुलदीप बिश्नोई का बड़ा दावा

Published: Mon, 24 Aug 2026 02:00 PM (IST)

पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने जींद में कहा कि चौधरी भजन लाल की नीतियों में आस्था रखने वाले सभी साथी उनके साथ हैं।

जागरण संवाददाता, जींद। पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई रविवार को सफीदों रोड स्थित होटल में स्नेह मिलन कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। उनके साथ नलवा से विधायक रणधीर पनिहार भी पहुंचे।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कुलदीप बिश्नोई ने कहा, चाहे कैसा भी समय रहा हो, अच्छा हो या बुरा। कार्यकर्ता हमेशा हमारे परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। स्वर्गीय चौधरी भजन लाल एक बहुत बड़ी राजनीतिक विरासत छोड़ गए थे।

लंबे संघर्ष के बाद आज जब साथियों का ऐसा अपार समर्थन मिलता है, तो वे स्वयं को बहुत खुशकिस्मत और गौरवान्वित महसूस करते हैं। चौधरी भजन लाल की नीतियों में आस्था रखने वाले सभी साथी हमारे साथ हैं।

संगठन व कार्यकर्ताओं की भावनाओं को लेकर पूछे सवाल पर बिश्नोई ने कहा, उनके किसी भी कार्यकर्ता ने कोई नकारात्मक बात नहीं कही है। वे स्वयं भाजपा में हैं और हमारे साथी भी मजबूती से पार्टी के साथ खड़े हैं।

इस विषय पर प्रश्नचिह्न नहीं होना चाहिए। यहां उन्हें वे साथी मिलने बुलाते हैं, जो उनके लंबे संघर्ष के सहभागी रहे हैं या जिनकी आस्था चौधरी भजन लाल के प्रति है। चाहे कोई कांग्रेस में हो, बीजेपी में हो, किसी अन्य दल में हो या घर बैठा हो। अगर वे प्रेमवश कुलदीप बिश्नोई का समर्थन कर रहे हैं, तो इससे उस राजनीतिक व्यवस्था को ही मजबूती मिलती है, जहां वे आज खड़े हैं।