विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अस्पताल का नाम बदलकर अखाड़ा रख देते हैं', मरीज से मारपीट पर भड़के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिढ़ा; सिविल सर्जन को लगाई फटकार

Published: Fri, 06 Nov 2026 07:27 PM (IST)

डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने जींद नागरिक अस्पताल में मरीज से मारपीट मामले में सिविल सर्जन को फटकार लगाई और अस्पताल को 'अखाड़ा' कहा।

हरियाणा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिढ़ा। फाइल फोटो

हरियाणा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिढ़ा। फाइल फोटो

HighLights

  1. डिप्टी स्पीकर ने जींद अस्पताल को 'अखाड़ा' कहकर नाराजगी जताई।

  2. मरीज ने एमएलआर के लिए पैसे मांगने और पिटाई का आरोप लगाया।

  3. एसपी को सीसीटीवी फुटेज जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश।

जागरण संवाददाता, जींद। नागरिक अस्पताल में मरीज के साथ हुई मारपीट के मामले में डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा शाम को पांच बजे नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सिविल सर्जन डा. सुमन कोहली से कहा कि मैडम स्वास्थ्य मंत्री को बोलकर अस्पताल का नाम बदलकर अखाड़ा रख देते हैं। बार-बार शिकायतें मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

उन्होंने सीधे सिविल सर्जन पर आरोप लगाते हुए कहा कि आप हमेशा चिकित्सकों का बचाव करते हैं। मैं ही मूर्ख हूं, जो चंडीगढ़ से सीधा जींद आ गया, लेकिन आप पर इस मामले पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा। यह वीडियो इतना वायरल हो रहा है कि जींद का अस्पताल पूरे देश में मारपीट के मामले में बदनाम हो गया। इसमें सरकार की भी बदनामी हो रही है।

अस्पताल प्रशासन पर कोई असर नहीं हो रहा। इस मौके पर एसपी उपासना भी मौजूद रही। उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद दोनों होमगार्ड को लाइन हाजिर कर दिया है। मरीज की बात सुनने के बाद डिप्टी स्पीकर ने ड्यूटी पर मौजूद दोनों चिकित्सकों को बुलाया और उनसे बातचीत की। उनकी बात सुनने के बाद डा. मिढ़ा ने कहा कि पूरा अस्पताल बात को गोल-गोल घुमा रहा है।

पहले भी सिविल सर्जन बातों को गोल-गोल घुमाती रही हैं। कुछ माह पहले पोलीक्लीनिक पर छापे के दौरान जो चिकित्सक गैर हाजिर थे, उन पर आज तक कार्रवाई नहीं हुई। सिविल सर्जन हमेशा अपने चिकित्सकों का बचाव करती रहती हैं।

अब तो हम ही एक्शन ले लेंगे, आपकी क्या जरूरत रह गई

डिप्टी स्पीकर ने सिविल सर्जन डा. सुमन कोहली व प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. रघुबीर पूनिया से पूछा कि आपने इस मामले में क्या एक्शन लिया। डा. पूनिया ने बताया कि जिस सिक्योरिटी गार्ड ने मारपीट की थी, वह सीटी स्कैन का कर्मचारी था, उसे हटा दिया गया है।

इसके अलावा शनिवार को जांच शुरू कर देंगे। इस पर डा. कृष्ण मिढ़ा ने कहा कि अब तो हम ही एक्शन ले लेंगे, आपकी क्या जरूरी रह गई। अस्पताल में गरीबों का मजाक उड़ाया जा रहा है। यदि कोई अमीर व्यक्ति होता, तो आप तुरंत एक्शन ले लेते। गरीबों की अस्पताल में कोई सुनवाई नहीं हो रही।

मरीज ने लगाए पैसे मांगने व पीटने के लिए युवक बुलाने के आरोप

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा के सामने पीड़ित युवक सन्नी ने आरोप लगाए कि इमरजेंसी के चिकित्सक ने उनसे एमएलआर काटने के लिए सात हजार रुपये की मांग की। इसके बाद जब उसने दवा मांगी, तो सीटी स्कैन वार्ड से युवक को बुलाकर उनकी पिटाई करवाई गई। इस पर चिकित्सकों ने भी अपना पक्ष रखा और कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। जो युवक सीटी स्कैन वार्ड से आया था, उसे केवल मरीज की पर्ची लेकर आने के लिए कहा गया था।

इमरजेंसी के सभी डॉक्टर बदतमीज

डा. कृष्ण मिढ़ा ने कहा कि पहले भी उनके सामने मामले आ चुके हैं। वह खुद भी 15 दिन पहले ही अस्पताल में आए थे। उस समय उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के साथ उनकी एक मीटिंग करवाओ, लेकिन आज तक सिविल सर्जन ने उनकी मीटिंग नहीं करवाई। इमरजेंसी में जितने भी डाक्टर हैं, सभी बदतमीज हैं, उनको मरीजों से बात करने का तरीका ही नहीं पता। ऐसा लग रहा है कि सभी चिकित्सकों को काउंसिलिंग की जरूरत है।

पूरे मामले की जांच के आदेश

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा ने एसपी उपासना को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर पूरे मामले की जांच की जाए। इसमें किसी को भी बख्शा नहीं जाए। पूरे मामले की अस्पताल स्तर पर भी जांच के निर्देश दिए। इस बार पूरी तरह से कार्रवाई होनी चाहिए। चाहे वह डाक्टर हो, स्टाफ हो या कोई और अन्य।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।