ढाई करोड़ की 130 मुर्राह भैंसें, 70 एकड़ जमीन... निगरानी के लिए बाबा राजपुरी डेरे को जल्द मिलेगा नया महंत
कैथल के बाबा राजपुरी डेरे में साधु शिवशंकर की हत्या के बाद, डेरे की व्यवस्था के लिए 31 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।

निगरानी के लिए बाबा राजपुरी डेरे को जल्द मिलेगा नया महंत (फाइल फोटो)
HighLights
बाबा राजपुरी डेरे में साधु शिवशंकर की हत्या हुई
डेरे के प्रबंधन हेतु 31 सदस्यीय कमेटी गठित की गई
कमेटी चढ़ावे और संपत्ति के दुरुपयोग पर नजर रखेगी
जागरण संवाददाता, कैथल। गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे में साधु शिवशंकर की हत्या के बाद अब डेरे की व्यवस्था बदली जाएगी। पहले डेरे की पूरी व्यवस्था को गद्दीनशीन महंत देखता था, जल्द ही नए किसी नए महंत को गद्दी पर विराजमान किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को दो बार पंचायत कर कमेटी का गठन किया है। कमेटी में गांव के 31 सदस्य लिए गए हैं।
यह कमेटी डेरे के संचालन की निगरानी रखेगी। भंडारा और पशुओं की देखरेख भी कमेटी कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनका मकसद डेरे का संचालन सही तरीके से करना है।
70 एकड़ जमीन से होती है कमाई
डेरे में जो चढ़ावा आता है, 70 एकड़ जमीन से जो कमाई होती है और पशुओं से जो कमाई होती है, इसका पैसा डेरे पर ही खर्च होगा। इसका कहीं दुरुपयोग न हो, हत्या के आरोपित महंत दूजपुरी को कड़ी सजा मिले, इसके लिए कमेटी केस की पैरवी करेगी।
डेरे में ढाई करोड़ कीमत की 130 से ज्यादा मुर्राह भैंसे हैं। डेरे में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पंचायत की अध्यक्षता सरपंच गुरनाम सिंह और कृष्ण कुमार ने की।
हत्यारोपित दूजपुरी पर अय्याशी के आरोप
रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार, सुरेंद्र, बलबीर सिंह, विक्रम भारद्वाज ने कहा कि हत्या का आरोपित दूजपुरी डेरे में आने वाले श्रद्धालुओं से गाली-गलौज करता था।
चढ़ावा के रुपये उत्तर प्रदेश भेजने, वहां पर संपत्ति खरीदने और डेरे के अंदर और बाहर जाकर अय्याशी करने के भी आरोप लगाए हैं। आरोप है कि 2018 में पूजा करने आई एक महिला को धक्का देने की घटना के बाद आरोपित दूजपुरी को हटा दिया था, बाद में उसने दोबारा से गद्दी हासिल कर ली थी।
