विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में दशहरा पर सुरक्षा के कड़े प्रंबंध, कैथल में 300 पुलिसकर्मी तैनात; मेला में संभालेंगे व्यवस्था

Published: Tue, 20 Oct 2026 05:33 AM (IST)Updated: Tue, 20 Oct 2026 07:40 AM (IST)

कैथल में दशहरा पर्व और बाबा राजपुरी डेरे के मेले के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शांतिपूर्ण ...और पढ़ें

हरियाणा में दशहरा पर सुरक्षा के कड़े प्रंबंध। फाइल फोटो

हरियाणा में दशहरा पर सुरक्षा के कड़े प्रंबंध। फाइल फोटो

HighLights

  1. मेले और दशहरा के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध।

  2. लगभग 300 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था।

  3. पांच नाके और डायल 112 गाड़ियां तैनात।

जागरण संवाददाता, कैथल। दशहरा पर्व और गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न करवाने के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। दशहरे से द्वादशी तक चलने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए करीब 150 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

वहीं, दशहरा पर्व पर चंदाना गेट सहित कैथल जिले के विभिन्न कस्बों में आयोजित होने वाले रावण पुतला दहन कार्यक्रमों के दौरान भी करीब 150 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।

डीएसपी रमेश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि बाबा राजपुरी डेरे में आयोजित होने वाले मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा, कानून व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मेले के दौरान गांव में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर पांच नाके स्थापित किए जाएंगे। इनमें पाडला गांव की तरफ, मानस की ओर, अटेला की तरफ और बुड्ढा खेड़ा की ओर एक-एक नाका लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में चौराहे पर बाबा राजपुरी डेरे के मुख्य द्वार के सामने भी पुलिस नाका स्थापित किया जाएगा।

संदिग्ध गतिविधि पर नजर

मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो डायल 112 गाड़ियां लगातार तीन दिन तक मेला क्षेत्र में तैनात रहेंगी। इसके अलावा मोटरसाइकिल राइडर लगातार गश्त करेंगे और सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी भीड़ के बीच मौजूद रहकर गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि दशहरा पर्व पर चंदाना गेट सहित जिले के सभी कस्बों में रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना तथा सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना है।

गद्दीनशीन महंत महेश पुरी ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी हो गई है। तीन दिन अखंड भंडारा चलेगा। बाबा राजपुरी के आशीर्वाद से मेला सुचाय संपन्न होगा। प्रशासन का मेले में व्यवस्था बनाने में पूरा सहयोग रहता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।