विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल में दो सड़क हादसे में चार साल की बच्ची सहित दो की मौत, दो घायल

Published: Fri, 06 Nov 2026 05:57 PM (IST)

कैथल जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति और चार साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि ...और पढ़ें

सड़क हादसे में व्यक्ति की की मौत। फाइल फोटो

सड़क हादसे में व्यक्ति की की मौत। फाइल फोटो

HighLights

  1. कैथल में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो मौतें।

  2. जाखौली में ट्रैक्टर-ट्रॉली टक्कर से सत्यवान की मृत्यु।

  3. चीका में ऑटो पलटने से चार वर्षीय बच्ची की मौत।

जागरण संवाददाता, कैथल। जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति और एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। गांव जाखौली के पास ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से स्कूटर सवार सत्यवान की मौत हो गई, जबकि राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, चीका में वकील कालोनी के कट के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से आटो पलट गया। हादसे में आटो सवार चार वर्षीय बच्ची प्रभजोत कौर की मौत हो गई, जबकि उसके पिता पलविंद्र सिंह घायल हो गए।

पहले मामले में जींद के गांव अलेवा निवासी रोहताश ने तितरम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार शाम को वह मोटरसाइकिल पर निजी काम से अलेवा से जाखौली जा रहा था। किच्छाना बस अड्डे से आगे उसने अपने चाचा सत्यवान और राधेश्याम को स्कूटर पर जाते देखा। दोनों सत्यवान की बेटी ममता से मिलने जाखौली जा रहे थे।

इसी दौरान राजौंद की तरफ से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सहायता से उन्हें नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने सत्यवान को मृत घोषित कर दिया, जबकि राधेश्याम को पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। तितरम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरा हादसा चार नवंबर की रात करीब सवा आठ बजे चीका में वकील कालोनी के कट के पास हुआ। सलेमपुर गामड़ी निवासी पलविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह आटो चलाता है। वह अपनी बेटी प्रभजोत कौर के साथ मामा धर्मबीर को खाना देने चीका चौक गया था। वापस लौटते समय पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसके आटो को टक्कर मार दी।

इससे आटो पलट गया और पिता-बेटी उसके नीचे दब गए। चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने दोनों को सीएचसी गुहला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रभजोत को मृत घोषित कर दिया। पलविंद्र सिंह का उपचार चल रहा है। पलविंद्र ने बताया कि उसकी शादी 2017 में संदीप कौर के साथ हुई थी। बच्चे ना होने के कारण उन्होंने 2021 में महावीर दल अस्पताल चीका से बेटी प्रभजोत को गोद लिया था। चीका थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।