कैथल में रामकृष्ण परमहंस के गुरु के डेरे में साधु की हत्या, महंत समेत 5 पर केस; सिगरेट पीने पर हुआ था विवाद
कैथल के बाबा लदाना गांव स्थित राजपुरी डेरे में सिगरेट लेने पर एक साधु शिव शंकर पुरी की जंजीरों से बांधकर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

मृतक साधु शिवाशंकर पुरी (बाएं ), मुख्य महंत दूजपुरी और आरोपी चेले (दाएं)।
HighLights
कैथल के राजपुरी डेरे में साधु की हत्या
सिगरेट लेने पर जंजीरों से बांधकर पीटा गया
मुख्य महंत दूजपुरी सहित पांच आरोपी हिरासत में
जागरण संवाददाता, कैथल। बाबा लदाना गांव स्थित करीब 400 वर्ष पुराने राजपुरी डेरे में बुधवार की सुबह कमरे से सिगरेट लेने पर जंजीरों से बांध पीट-पीटकर साधू की हत्या कर दी गई। बरामदे में उसका शव पड़ा मिला।
आरोप डेरे के मुख्य महंत, उसके चेले और तीन अन्य नौकरों पर लगे हैं। मुख्य महंत ने साधू की छाती, पेट और टांगों पर डंडे से हमला किया। साधू के पेट और छाती में लाठी से चोट मारी गई। बाल और दाड़ी भी उखाड़ दी गई।
-1788367955788.webp)
हत्या की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण डेरे में पहुंच गए। सीआईए, डीएसपी और फोरेंसिक लैब की टीमें मौके पर पहुंचीं। सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। ग्रामीणों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के साधू शिव शंकर पुरी दो महीने से बाबा राजपुरी डेरे में रह रहे थे।
सुबह पूजा करने के बाद करीब सवा आठ बजे मंदिर में टहल रहा था। इसी दौरान मुख्य महंत दूजपुरी के कमरे से सिगरेट उठा ली और पीने लगे। तभी महंत दूजपुरी वहां आ गए। उन्होंने कमरे में बिना पूछे सिगरेट उठाने पर शिव शंकर को भला-बुरा कहा। दोनों में कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई।

महंत ने चेले और नौकरों के सहयोग से शिव शंकर को ग्रिल के साथ जंजीरों और रस्सी से बांध दिया। इसके बाद लाठी और डंडों से बेरहमी से पिटाई की। दूजपुरी ने छाती, पेट और टांगों पर लाठियां मारी। पेट और छाती में खोद मारी। बाल और दाड़ी भी उखाड़ दी।
-1788367993136.webp)
पुलिस को मौके पर साधू के बाल भी मिले हैं। पिटाई से शिव शंकर बेहोश हो गए। मौजूद लोगों ने झगड़े की सूचना पुलिस और सरपंच को दी। करीब नौ बजे पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय शिव शंकर विश्राम घर के बरामदे में मृत पड़े थे।
मुख्य महंत सहित पांच हिरासत में

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि सरपंच गुरनाम की शिकायत पर महंत दूजपुरी, चेले लवकेश पुरी, गांव के होशियार सिंह, रजत और रवि उर्फ भोला के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। थाना सदर प्रभारी कुलदीप सिंह जांच कर रहे हैं। पांचों आरोपितों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
पहले भी विवादों में रहे महंत दूजपुरी
महंत दूजपुरी वर्ष 2005 से डेरा में गद्दीनशीन है। वह पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं। वर्ष 2018 में डेरे की जमीन से गेहूं की बिक्री के 18 लाख को लेकर विवाद सामने आया था। वर्ष 2019 में डेरे की जमीन और संपत्ति पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगा था। वर्ष 2022 में सात लाख रुपये और चार अंगूठियों की लूट हुई थी।

शहर के बड़ी देवी मंदिर पर भी कब्जा करने का प्रयास किया था। ग्रामीणों ने बताया कि महंत दूजपुरी डेरे में गलत काम करता था। डेरे में आने वाले श्रद्धालुओं से गाली-गलौज करता है। इससे कई बार विवाद भी हुआ। सरंपच गुरनाम सिंह ने कहा कि बाबा दूजपुरी विवादों में रहते थे।
