बीरू एनकाउंटर: विवाद के बाद करनाल के SP और IG का तबादला, IPS कर्ण गोयल और अश्विन शैणवी को मिली जिले की कमान
करनाल के एसपी नरेंद्र बिजारणिया और आइजी अशोक कुमार का तबादला कर दिया गया है। यह फैसला बीरू हत्याकांड के ...और पढ़ें
-1788552875489_m.webp)
बीरू एनकाउंटर: विवाद के बाद करनाल के SP और IG का तबादला। फाइल फोटो
HighLights
एसपी और आइजी का एनकाउंटर विवाद के बाद तबादला।
कर्ण गोयल नए एसपी, अश्विन शैणवी नए आइजी होंगे।
रोड़ समाज की तीसरी मांग पर आज होगी बैठक।
जागरण संवाददाता, करनाल। सरकार ने वीरवार देर रात करनाल के एसपी नरेंद्र बिजारणिया और करनाल रेंज के आइजी अशोक कुमार का तबादला कर दिया है। इसे बीरू हत्याकांड के बाद छह अगस्त को हुए बीरबल और हर्ष एनकाउंटर पर उठे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। सरकार ने रोड़ समाज की एक और मांग पूरी कर दी।
आइपीएस नरेंद्र बिजारणिया को एसटीएफ का एसपी लगाया है और अशोक कुमार को सुनारियां भेजा गया है। अब 2025 बैच के आइपीएस कर्ण गोयल करनाल के एसपी होंगे। वर्ष 2006 बैच के आइपीएस अश्विन शैणवी करनाल रेंज के आइजी होंगे। बिजारणिया केवल आठ माह ही करनाल में सेवाएं दे पाए, जबकि चार माह में ही अशोक कुमार को बदल दिया गया।
बीरू वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या
एसपी बिजारणिया ने आइपीएस गंगाराम पूनिया के जाने के बाद एक जनवरी 2026 को करनाल में बतौर एसपी कमान संभाली थी। इसी प्रकार एडीजीपी एम रवि किरण के बाद 20 मई 2026 को अशोक कुमार को करनाल का आइजी बनाया गया था।
पांच अगस्त को हांसी रोड पर बीरू वाल्मीकि की बाइक सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद वाल्मीकि समाज ने बदमाशों के एनकाउंटर की मांग की थी। छह अगस्त की रात को ही कैथल के गांव मटरवा खेड़ी के बीरबल और नीलोखेड़ी के गांव काला माजरा निवासी हर्ष को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था।
इसके बाद से ही रोड़ समाज लगातार इस मामले की जांच की मांग कर रहा है। सरकार की तरफ से एडीजीपी ला एंड आर्डर संजय कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है और एसआइटी जांच कर रही है।
आज रोड़ समाज की बैठक, एक मांग अभी लंबित
हर्ष एनकाउंटर के बाद रोड़ समाज सड़कों पर उतरा था। मामले को लेकर पिछले एक माह से लगातार तनाव बना हुआ था। रोड़ समाज ने तीन मांगें रखी थीं और सरकार को चेताया था। इसके बाद सबसे पहले विधायक जगमोहन आनंद ने समाज से माफी मांगी थी और अब एसपी व आइजी का तबादला किया गया है।
समाज के लोगों का कहना है कि दो मांगें सरकार ने पूरी कर दी हैं। रोड़ समाज की तीसरी मांग एनकाउंटर की सीबीआइ या जज से जांच कराने की है। अब शनिवार को होने वाली बैठक में समाज इस मांग को लेकर मंथन करेगा और आगामी रणनीति तैयार करेगा।
रोड़ महासभा के प्रधान बलकार सिंह पूंडरी पहले ही बैठक के लिए आह्वान कर चुके हैं। खासतौर पर भाजपा नेताओं को इसमें बुलाया गया है। बैठक में महासभा की कार्यकारिणी के सभी सदस्य, 101 सदस्यीय संघर्ष समिति के सदस्य और सभी 300 डेलीगेट्स को बुलाया गया है।
