हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप, 9 जिलों में कोल्ड डे अलर्ट, सिरसा में सबसे ज्यादा ठंड
हरियाणा में कड़ाके की ठंड और शीत लहर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने 9 जिलों में कोल्ड डे अलर्ट और 5 जिलों में शीत लहर की चेतावनी ...और पढ़ें

हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप (फाइल फोटो)
HighLights
हरियाणा में कड़ाके की शीत लहर और धुंध का प्रकोप
नौ जिलों में कोल्ड डे अलर्ट, सिरसा सबसे ठंडा जिला
आगामी दिनों में ठंड से राहत की संभावना कम
जागरण संवाददाता, करनाल। हरियाणा इन दिनों कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंडी हवाओं और धुंध के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 9 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।
वहीं, पांच जिलों में शीत लहर के साथ हल्की धुंध और छह जिलों में धुंध को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार कम तापमान और धूप की कमी से ठंड का असर और अधिक बढ़ गया है।
सिरसा जिले में सबसे ज्यादा ठंड
प्रदेश में सबसे ठंडा दिन और रात सिरसा जिले में दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान केवल 12.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ठंडी हवाओं के कारण वास्तविक ठंड तापमान से कहीं ज्यादा महसूस की गई। सुबह-शाम खुले स्थानों पर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है।
जनजीवन और स्वास्थ्य पर असर
शीत लहर और धुंध के चलते यमुनानगर सहित कई जिलों में सुबह के समय धुंध छाई रही। जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाजारों में सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहा। ठंड के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अस्पतालों में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में भी इजाफा देखा जा रहा है।
किस जिले में कितना तापमान?
सिरसा- 12.0 (अधिकतम) - 4.0 (न्यूनतम)
करनाल- 12.4 (अधिकतम)- 4.8 (न्यूनतम)
अंबाला- 11.6 (अधिकतम)- 6.4 (न्यूनतम)
भिवानी- 16.0 (अधिकतम)- 5.0 (न्यूनतम)
फरीदाबाद- 17.7 (अधिकतम)- 6.8 (न्यूनतम)
हिसार- 13.1 (अधिकतम)- 5.1 (न्यूनतम)
नारनौल- 14.5 (अधिकतम)- 4.5 (न्यूनतम)
रोहतक- 15.6 (अधिकतम)- 6.0 (न्यूनतम)
खबरें और भी
आगे भी राहत के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक शीतलहर से राहत मिलने की संभावना कम है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, अलाव का सहारा लेने और सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।