Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    करनाल में आधी रात को बदमाशों ने कार में लगाई आग, CCTV में कैद हुई वारदात; पुरानी रंजिश का शक

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 12:07 PM (IST)

    करनाल के सीएचडी सिटी में आधी रात एक खड़ी कार को सुनियोजित तरीके से आग लगा दी गई, जिसकी पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। ...और पढ़ें

    करनाल में आधी रात को बदमाशों ने कार में लगाई आग (जागरण फोटो)

    करनाल में आधी रात को बदमाशों ने कार में लगाई आग (जागरण फोटो)

    HighLights

    1. करनाल के सीएचडी सिटी में खड़ी कार को आग लगाई गई

    2. सीसीटीवी में संदिग्ध कार और बाइक सवार कैद हुए हैं

    3. पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों पर आगजनी का शक

    जागरण संवाददाता, करनाल। करनाल के सीएचडी सिटी क्षेत्र में आधी रात उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर खड़ी एक कार को अज्ञात व्यक्ति ने आग के हवाले कर दिया। बदमाश पहले कार के शीशे तोड़कर अंदर ज्वलनशील पदार्थ डालता है और फिर आग लगाकर फरार हो जाता है। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पीड़ित दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कार उनके माता-पिता के मकान के बाहर खड़ी थी। रात करीब एक से दो बजे के बीच किसी ने कार को निशाना बनाया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। सबसे पहले पड़ोसी कुलदीप सिंह ने कार में आग लगी देखी और तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची।

    दमकल कर्मियों ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि वाहन को पूरी तरह नुकसान पहुंचा।

    घटना के बाद जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो मामला दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का निकला। फुटेज में एक व्यक्ति कार के पास आता है। उसके शीशे तोड़ता है और अंदर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा देता है। कुछ ही क्षण बाद कार में तेज धमाका होता है।

    जांच के दौरान एक और अहम सुराग सामने आया। पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध कार दिखाई दी, जो पहले घटनास्थल से आगे निकलती है और फिर लौटकर कुछ दूरी पर खड़ी हो जाती है।

    फुटेज के अनुसार आग लगाने वाला व्यक्ति वारदात के बाद दौड़कर उसी कार में बैठता है और कार तुरंत वहां से रवाना हो जाती है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास एक बाइक पर सवार युवक और युवती भी कैमरे में नजर आए हैं। इनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

    खबरें और भी

    दीपक का आरोप है कि घटना से पहले कपिल नाम का व्यक्ति उन्हें कई बार फोन कर चुका था और पहले भी धमकियां दे चुका है। इसी कारण उन्होंने उसके फोन उठाने बंद कर दिए थे। उनका कहना है कि इस वारदात में कपिल के अलावा मोनिका, साहिल और शालिनी की संलिप्तता भी हो सकती है।

    उन्होंने बताया कि सीसीटीवी में दिख रही संदिग्ध कार का रंग और माडल भी कपिल द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले वाहन से मिलता-जुलता है।

    पीड़ित के अनुसार उनकी मां नीलम पर हुए हमले के मामले में आठ जून को थाना सदर में पहले ही मुकदमा दर्ज है। इसमें इन्हीं लोगों के नाम सामने आए थे। उनका आरोप है कि उसी रंजिश के चलते इस बार कार को निशाना बनाया गया।थाना सदर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।