हत्या या आत्महत्या! करनाल में बंद कमरे में मिला सरकारी टीचर का शव, पुलिस जांच में जुटी
करनाल की शिव कॉलोनी में एक सरकारी अध्यापक जितेंद्र का शव उसके बंद मकान में मिला। पड़ोसियों को बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई, जो अब मौत के कारणों की ...और पढ़ें

HighLights
करनाल में सरकारी अध्यापक जितेंद्र का शव बंद मकान में मिला
पड़ोसियों ने बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी
पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी
जागरण संवाददाता, करनाल। करनाल की शिव कॉलोनी के अपने ही बंद मकान में सरकारी अध्यापक जितेंद्र (45) का शव मिला है। पड़ोसियों को बदबू आई तो उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो अंदर अध्यापक मृत अवस्था में पड़ा था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। पुलिस तमाम पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
पड़ोसियों ने बताया कि वह बड़ा गांव के सरकारी स्कूल में टीचर था, उसकी पत्नी भी कैथल में टीचर है, दोनों के बीच बनती नहीं थी, इसलिए जितेंद्र अकेला रहता था। बुधवार को आसपास के लोगों को मकान से बदबू आने पर मामले का पता चला।
पुलिस के बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने घर के अंदर से जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर गुरविंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
किसी से बात नहीं करता था जितेंद्र
मृतक की बहन ने बताया कि जितेंद्र न तो माता-पिता के साथ रहता था और न ही अन्य रिश्तेदारों के संपर्क में था। वह अकेले रहना पसंद करता था और धीरे-धीरे उसने लोगों से बातचीत भी बंद कर दी थी। अगर कोई उससे संपर्क करने की कोशिश करता तो वह झगड़ा करने लगता था। इसलिए रिश्तेदारों और दोस्तों ने भी उससे दूरी बना ली थी।