यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Farmer Protest: किसानों की गतिविधि पर पुलिस की नजर... हाईवे पर बढ़ी चौकसी, हल्ला बोल प्रदर्शन का किया एलान
दिल्ली कूच की जिद पर अड़े पंजाब के किसानों को अभी भी शंभू बॉर्डर पर रुके रहे और इस बीच अब हरियाणा के किसान संगठन भी पंजाब के किसानों के साथ आने लगे है ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, करनाल। Farmer Protest: दिल्ली कूच की जिद पर अड़े पंजाब के किसानों को शंभू बॉर्डर पर रुके रहे और इस बीच अब हरियाणा के किसान संगठन भी पंजाब के किसानों के साथ आने लगे हैं।
इसे लेकर किसान संगठन लगातार बैठक कर रहे हैं। हरियाणा में किसान टोल फ्री कराने के साथ ट्रैक्टर मार्च निकाल चुके हैं। अब 21 फरवरी को किसानों ने हल्ला बोल प्रदर्शन का एलान किया है। किसान संगठन पंजाब के किसानों को दिल्ली पहुंचकर अपनी बात रखने देने की मांग कर रहे हैं।
13 फरवरी को किया था दिल्ली कूच का ऐलान
पंजाब के किसानों ने 13 फरवरी को दिल्ली कूच का ऐलान किया था। 13 फरवरी को ही पंजाब के किसान हजारों की संख्या में शंभू बॉर्डर पर पहुंचे। यहां किसानों और पुलिस-प्रशासन का आमना-सामना हुआ। किसानों की मांगों को लेकर कई दौर की वार्ता भी चली, जो बेनतीजा रही। जिस कारण किसान अब भी दिल्ली कूच की मांग पर अड़े हुए हैं।
21 को हल्ला बोल प्रदर्शन का एलान
अभी तक दिल्ली कूच के लिए पंजाब के किसान ही मांग पर अड़े थे, लेकिन अब हरियाणा और अन्य प्रदेशों के किसान संगठन भी साथ आने लगे हैं।भारतीय किसान यूनियन, भारतीय किसान यूनियन सर छोटूराम और चढ़ूनी ग्रुप के पदाधिकारियों ने बैठक करके पहले टोल फ्री कराया व फिर ट्रैक्टर मार्च निकाला। अब किसान संगठनों ने 21 फरवरी को हल्ला बोल प्रदर्शन का एलान किया है।
हरियाणा के किसान संगठनों ने पंजाब के किसानों को दिल्ली कूच की अनुमति देने की मांग की है। ऐसा नहीं होता तो किसान आगे की रणनीति पर विचार करेंगे। वहीं, पुलिस और प्रशासन किसानों की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। करनाल पुलिस-प्रशासन ने कर्ण लेक पर किसानों को रोकने के पुख्ता इंतजाम किए हैं। यहां 13 लेयर बेरिकेडिंग के साथ पुलिस और अर्द्ध सैनिक बलों के सात सौ जवान तैनात किए गए हैं।