'भगवान श्रीकृष्ण के चरणों से पवित्र हुई हरियाणा की धरती', कुरुक्षेत्र पहुंचे CM नायब सैनी; ज्योतिसर में की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जन्माष्टमी के अवसर पर कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
-1788536275667_m.webp)
भगवान श्रीकृष्ण के पावन चरणों से पवित्र हुई हरियाणा की धरती: नायब सिंह सैनी
HighLights
मुख्यमंत्री सैनी ने ज्योतिसर में की विधि-विधान से पूजा
महाभारत अनुभव केंद्र का दौरा कर उसके महत्व पर प्रकाश डाला
किसानों की समस्याओं पर चर्चा की, लोगों की शिकायतें भी सुनीं
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र पहुंचे और गीता स्थली ज्योतिसर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख शांति और समृद्धि की कामना की।
उन्होंने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण सबके अराध्य हैं। हरियाणा की पावन धरती उनके चरणों से पवित्र हुई थी। न्याय-अन्याय की लड़ाई में उन्होंने न्याय का साथ दिया। आज हम जन्माष्टमी पर्व मना रहे हैं। इसके साथ-साथ हमें भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को भी अपने जीवन में उतारना चाहिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री वहां बने वीटा बूथ पर भी गए और बूथ संचालक से बातचीत की तथा वीटा उत्पादों का जायका भी लिया। इस मौके पर ज्योतिसर के ग्रामीण भी उनसे मिलने पहुंचे। उनसे बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने एक बच्चे को गोद में भी उठाया।
इसके बाद उन्होंने महाभारत अनुभव केंद्र का दौरा भी किया। उन्होंने कहा कि विश्व का कोई भी नागरिक यदि महाभारत की कथा को आधुनिक तकनीक के जरिए अपने सामने जीवंत देखना चाहता है तो वो कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र में जरूर आए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उद्घाटित महाभारत और भगवद्गीता की समृद्ध विरासत को समर्पित यह केंद्र हरियाणा के साथ-साथ देश के प्रमुख सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना रहा है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क हैं और किसानों को फसल खरीद के सीजन में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। इसके बाद वे गीता ज्ञान संस्थानम् में गए और यहां श्री राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना के साथ-साथ कान्हा को झूला भी झुलाया।
देर रात तक सुनीं समस्याएं
गीता ज्ञान संस्थानम् से मुख्यमंत्री अपने सेक्टर-2 स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने काफी देर तक कार्यकर्ताओं से औपचारिक मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए। करीब आठ बजे वे लाडवा में आयोजित होने वाले जन्माष्टमी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हुए।
