यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Haryana Weather: जाते सावन के आखिरी सोमवार को बरसे इंद्रदेव, गर्मी से मिली राहत तो तालाब में बदली सड़कें
सावन के आखिरी सोमवार की वर्षा ने जहां गर्मी से लोगों को राहत पहुंचाई। वहीं दूसरी ओर शहर में सड़कें तालाब बन गई। साढ़े 10 बजे शुरू हुई वर्षा से तापमान ...और पढ़ें

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। Haryana Weather: जाते सावन के आखिरी सोमवार की वर्षा ने जहां गर्मी से लोगों को राहत पहुंचाई। वहीं दूसरी ओर शहर में सड़कें तालाब बन गई। साढ़े 10 बजे शुरू हुई वर्षा से तापमान में भी एकाएक गिरावट (Temperature Down in Kurukshetra) आ गई। एक तरफ लोगों ने जहां मौसम का लुत्फ उठाया तो दूसरी तरफ सड़कों से गुजरना वाहन चालकों के लिए आफत बन गया। सड़कें पानी से लबालब हो गई।
वहीं पहले ही बाढ़ का दंश झेल चुके लोगों के मन में तेज वर्षा ने एक बार फिर से डर पैदा कर दिया। वहीं दूसरी ओर गूगल पर कुरुक्षेत्र वेदर में वर्षा की संभावना सुबह महज चार प्रतिशत दिखाई गई थी।
पानी भरने से तालाब में बदली सड़कें
सोमवार को कुछ ही देर की वर्षा ने प्रशासन के वर्षा के प्रबंधों की एक बार फिर पोल खोल दी। थानेसर नगर परिषद की ओर से पिछले माह नालों की सफाई करके अपनी इतिश्री कर दी। वहीं सावन की जाती वर्षा ने एक बार फिर से निकासी व्यवस्था पर पानी फेर दिया। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव हो गया। लोगों को वाहनों पर तो क्या पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नप प्रशासन की ओर से तुरंत कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई और जहां-जहां जलभराव हुआ वहां-वहां कर्मचारियों ने पहुंचकर निकासी को सुचारू किया।