विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुरुक्षेत्र में पत्नी ने चाकू से गोदकर पति को उतारा मौत के घाट, खुद भी छत से लगाई छलांग; झाड़-फूंक का काम करती थी महिला

Published: Sun, 23 Aug 2026 07:01 AM (IST)Updated: Mon, 24 Aug 2026 07:38 AM (IST)

कुरुक्षेत्र में घरेलू कलह के चलते एक पत्नी ने अपने पति राजेश कुमार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

पत्नी ने चाकू से गोदकर की हत्या। फोटो (जागरण)

पत्नी ने चाकू से गोदकर की हत्या। फोटो (जागरण)

HighLights

  1. कुरुक्षेत्र में पत्नी ने घरेलू कलह में पति की हत्या की।

  2. पति राजेश कुमार को चाकू से कई बार गोदा गया।

  3. हत्या कर पत्नी ने छत से कूदकर आत्महत्या की कोशिश की।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। जिले में घरेलू कलह के चलते पत्नी द्वारा पति की चाकू से गोदकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद महिला ने मकान की छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन वह चोटिल हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची थर्ड गेट पुलिस चौकी की टीम ने महिला को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल में दाखिल कराया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद स्वजन को सौंप दिया। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

दंपती पिहोवा रोड पर राज पैलेस के पीछे स्थित कालोनी में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार करीब एक साल से यहां पत्नी बिमला के साथ रह रहा था और मजदूरी करता था। राजेश शराब पीने का आदी था और नशे में पत्नी से मारपीट करता था।

शुक्रवार शाम भी हुआ था झगड़ा

पुलिस को सूचना मिली थी कि बिमला ने पति राजेश कुमार पर चाकू से हमला कर दिया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो राजेश का शव कमरे में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चाकू के कई वार के निशान थे। लोगों ने बताया कि शुक्रवार शाम को भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद बिमला ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बिमला ने भी मकान की छत से छलांग लगा दी। इससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल से छुट्टी के बाद जांच में होगी शामिल : थाना प्रभारी

केयूके थाना प्रभारी सुरेंद्र संधू ने बताया कि दंपती के बीच झगड़ा हुआ था। महिला ने चाकू से पति पर हमला कर दिया। महिला ने भी छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन चोटिल हो गई। उसे अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल कराया है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महिला को जांच में शामिल किया जाएगा।

पेट के कई अंग पड़े थे जमीन पर

राजेश की पत्नी ने पति पर एक बार ही वार किया था, लेकिन वार इतना जोरदार था कि राजेश के पेट के कई अंग बाहर आकर जमीन पर आ गिरे थे। पुलिस को जमीन पर पड़े अंगों को समेटकर पोस्टमार्टम हाउस लाना पड़ा। एलएनजेपी अस्पताल के फारेंसिक एक्सपर्ट डा. गौरव शर्मा ने बताया कि घाव 36 सेंटीमीटर गहरा था।

महिला करती थी झाड़-फूंक का काम

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला झाड़-फूंक का काम करती थी। अकसर कई महिलाएं उस पर झाड़े लगवाने के लिए आती थीं।