कुरुक्षेत्र में ट्रेन में महिला के बैग से 16 लाख से अधिक के गहने चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र जीआरपी ने ट्रेन में महिला यात्री के बैग से 16.52 लाख रुपये के आभूषण और नकदी चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
-1793269675838_m.webp)
कुरुक्षेत्र जीआरपी थाना प्रभारी सतपाल सिंह।
HighLights
ट्रेन में महिला यात्री के बैग से चोरी
16.52 लाख रुपये के आभूषण और नकदी बरामद
कुरुक्षेत्र जीआरपी ने तीन आरोपियों को दबोचा
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। ट्रेन में सफर के दौरान महिला यात्री के बैग से करीब 16.52 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी चोरी के मामले में तीन आरोपितों को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक जींद और दो सोनीपत के रहने वाले हैं, जबकि वारदात में शामिल चौथे आरोपित की तलाश की जा रही है।
कुरुक्षेत्र जीआरपी थाना प्रभारी एसआई सतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रबिना पीके के निर्देशन में यह सफलता मिली है। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपितों की पहचान की। साइबर एक्सपर्ट मुख्य सिपाही पंकज की टीम ने भी आरोपितों को ट्रेस करने में अहम भूमिका निभाई।
करनाल स्टेशन पर महिला के पास आकर बैठे थे चारों आरोपित
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 को एक महिला भिवानी रेलवे स्टेशन से कुरुक्षेत्र तक ट्रेन में सफर कर रही थी। यात्रा के दौरान ट्रेन जब करनाल रेलवे स्टेशन पहुंची तो चार व्यक्ति महिला के आसपास आकर बैठ गए। इनमें से एक व्यक्ति ने महिला के ट्राली बैग को उठाकर ऊपर रख दिया।
इसी दौरान आरोपितों ने बैग में रखे आभूषण और नकदी चोरी कर ली। इसके बाद चारों आरोपित नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन पर उतर गए। कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद महिला ने अपने ट्राली बैग का लाक चेक किया तो वह टूटा हुआ मिला। बैग खोलकर देखने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली। महिला की शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दो सोने के हार और चार कड़े सहित अन्य गहने हो गए थे चोरी
महिला की शिकायत पर बैग में दो सोने के हार, सोने के चार कड़े, सोने की पायल, एक अंगूठी, एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, सोने की झुमकियों की एक जोड़ी, चांदी की पाजेब की एक जोड़ी और दो हजार रुपये की नकदी रखी थी।
चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 16.52 लाख रुपये बताई गई थी। जीआरपी टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब फरार चौथे आरोपित की तलाश कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।