'मेरे खिलाफ कांग्रेस के ही लोगों ने रचा षड्यंत्र...', हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा का छलका दर्द
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कुलदीप शर्मा ने अपनी ही पार्टी के लोगों पर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

मेरे खिलाफ कांग्रेस के ही लोगों ने रचा षड्यंत्र: कुलदीप शर्मा।
HighLights
कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस नेताओं पर षड्यंत्र का आरोप लगाया।
बोले, कुछ लोगों ने भाजपा से हाथ मिलाया हुआ है।
सीएम सैनी से भगवा पटका लेने से मना किया, मांगा सफेद।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने अपनी ही पार्टी के लोगों पर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। मंगलवार को लाडवा में श्रीजयराम विद्यापीठ के कार्यक्रम में भाग लेने आए कुलदीप शर्मा ने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कांग्रेस के ही लोगों ने षड्यंत्र रचा और वे कौन हैं, ये सभी जानते हैं।
कुलदीप शर्मा ने किसी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि उन्होंने (षड्यंत्र रचने वालों ने) खुद तो भाजपा से हाथ मिलाया हुआ है और उन्हें तीसरे महीने भाजपा में भेज देते हैं। उनके नाम का खुलासा करने के सवाल पर कुलदीप शर्मा ने कहा कि उनके शुभचिंतक हर पार्टी में हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी में उनके शुभचिंतकों की संख्या बढ़ रही है।
उन्होंने कहा- उन्हें तो कांग्रेस की चिंता है और वे चाहते हैं कि कांग्रेस का एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार हो, जो भाजपा से लड़े। कुछ लोगों की वजह से वर्ष 2009, 2014, 2019 और 2024 में सभी संसाधनों के होने के बावजूद हम सरकार अपने बल पर नहीं बना पाए।
लाखों कार्यकर्ताओं की भावनाएं कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हैं और वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने, इसके लिए प्रयास करने चाहिए। आज प्रदेश का प्रत्येक वर्ग में परेशानी है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है और कानून व्यवस्था कहां से कहां पहुंच गई है। पूरे प्रदेश में आतंक का माहौल है। उन्होंने कहा कि इन सबसे निजात कांग्रेस ही दिला सकती है।
इससे पहले कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा कुलदीप शर्मा को भी आमंत्रित किया हुआ था। वे कार्यक्रम में पहुंचने पर सीधे मंच पर पहुंच गए। मंच पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित अनेक गणमान्य और संतजन बैठे थे।
कुछ देर बाद जब मुख्यमंत्री संतों को पटका भेंट कर सम्मानित कर रहे थे तो उन्होंने कुलदीप शर्मा को भी सम्मानित करने के लिए भगवा पटका जैसे ही उनकी ओर किया तो कुलदीप शर्मा हंसते हुए बोल पड़े कि सीएम साहब सफेद पटका पहना दो नहीं तो लोग बातें बनाएंगे कि मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं। इतना सुनना था कि मंच पर लोगों के बीच हंसी का फव्वारा फूट पड़ा।
