हरियाणा में 14 जुलाई तक घर-घर जाकर होगी जांच, SIR के लिए सही दस्तावेज बेहद जरूरी
पिहोवा के भटेड़ी गांव में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बैठक हुई, जिसमें 14 जुलाई तक घर-घर मतदाता सत्यापन का लक्ष्य रखा गया। ...और पढ़ें

HighLights
14 जुलाई तक घर-घर मतदाता सत्यापन का आह्वान
निष्पक्ष, त्रुटिरहित मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला
नए नाम जोड़ना, मृत/स्थानांतरित नाम हटाना मुख्य कार्य
जागरण संवाददाता, पिहोवा। गांव भटेड़ी के राजकीय विद्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बीएलए-1 व बीएलए-2 की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायतीराज संगठन के जिलाध्यक्ष व बीएलए-2 जसमेर भटेड़ी ने कहा कि निष्पक्ष, त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 14 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान श्याम लाल खटाणा ने कहा कि बूथ स्तर पर सभी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं।
नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने और सूची की त्रुटियों को समय रहते ठीक करवाने का कार्य पूरी जिम्मेदारी से किया जाए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।
इस बैठक में बताया गया कि 21 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा, इसलिए अंतिम समय का इंतजार न करें। बीएलए-1 मास्टर ईश्वर सिंह ने आवश्यक दस्तावेज, सत्यापन प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कई मामलों में वर्ष 2002 की मतदाता सूची, मृत्यु प्रमाण पत्र, सही सत्यापन और नवीन रंगीन फोटो आवश्यक होंगे। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एसआईआर अभियान को सफल बनाने और मतदाता सूची को अधिकतम त्रुटिरहित बनाने का संकल्प लिया।