सावन में कुरुक्षेत्र के डाकघरों में गंगाजल की मांग बढ़ी, शिवरात्रि पर लगेंगे विशेष स्टॉल
सावन माह में कुरुक्षेत्र सहित हरियाणा के डाकघरों में गंगाजल की मांग में भारी वृद्धि हुई है। ...और पढ़ें

HighLights
सावन माह में डाकघरों में गंगाजल की मांग में वृद्धि।
शिवरात्रि पर मंदिरों के बाहर लगेंगे विशेष स्टॉल।
कुरुक्षेत्र व कैथल के लिए 500 बोतलों की मांग भेजी।
रीतिका एस वोहरा, कुरुक्षेत्र। सावन माह में भगवान शिव के जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। इसका असर डाकघरों में भी साफ दिखाई दे रहा है, जहां गंगाजल की मांग बढ़ी है।
श्रद्धालु पूजा और रुद्राभिषेक करने के लिए डाकघरों से गंगाजल खरीद रहे हैं। पहले जहां प्रतिदिन सीमित मात्रा में गंगाजल की बिक्री होती थी, वहीं सावन शुरू होने के बाद इसकी मांग बढ़ गई है। पोस्ट मास्टर जनरल नरेश धीमान ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में सावन शुरू होने के बाद गंगाजल की मांग बढ़ी है। मांग को देखते हुए पर्याप्त स्टाक की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंगवाया गया है स्टाक
पोस्ट मास्टर जनरल नरेश धीमान ने बताया कि अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक 853 बोतल गंगाजल की बिक्री हो चुकी है। जिसमें से 144 शिवरात्रि के मौके पर बिकी थी।
उसके बाद 1 अप्रैल से अब तक 210 बोतलों की बिक्री हो चुकी है। खास शिवरात्रि के लिए कुरुक्षेत्र व कैथल सर्कल के लिए 500 बोतलाें की डिमांड विभाग को भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि के दिन श्री दुखभंजन महादेव मंदिर के बाहर व कैथल में ग्यारह रुद्री शिव मंदिर पर डाक विभाग की ओर से गंगाजल का स्टाल लगाया जाएगा।
प्रदेश के लिए भेजी गई हैं 5 हजार बोतलों की डिमांड
पिछले वर्ष प्रदेश में लगभग 9 हजार बोतलों की बिक्री हुई थी, जबकि वर्तमान में विभाग के पास करीब 10 हजार बोतलों का स्टाक उपलब्ध है। 5 हजार बोतलों की मांग भेजी गई है। शिवरात्रि के अवसर पर डाक विभाग की ओर से प्रदेश के प्रत्येक जिले के प्रमुख शिव मंदिरों के बाहर गंगाजल के विशेष स्टाल लगाए जाएंगे। इन स्टालों पर श्रद्धालुओं को गंगाजल आसानी से उपलब्ध करवाया जाएगा।