Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुरुक्षेत्र में मालगाड़ी के 3 डिब्बे पटरी से उतरे, एक नंबर प्लेटफॉर्म पर मौजूद थे CM नायब सैनी; टला बड़ा हादसा

    Updated: Mon, 08 Jun 2026 09:40 PM (IST)

    कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन पर सोमवार दोपहर एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और रेल संचालन एक घंटे बाधित ...और पढ़ें

    सीएम के कार्यक्रम के दौरान मालगाड़ी के 3 डिब्बे बेपटरी। फोटो जागरण

    सीएम के कार्यक्रम के दौरान मालगाड़ी के 3 डिब्बे बेपटरी। फोटो जागरण

    HighLights

    1. कुरुक्षेत्र में मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे।

    2. एक डिब्बा बिजली के खंभे से टकराया, आपूर्ति बाधित।

    3. सीएम के कार्यक्रम स्थल से 300 मीटर दूर हादसा।

    जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। रेलवे जंक्शन पर सोमवार की दोपहर मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। इनमें से एक डिब्बा बिजली के खंभे से टकरा गया। इसी दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा की विशेष ट्रेन को रवाना करने के कार्यक्रम में थे। हादसा लगभग 300 मीटर की दूरी प्लेटफार्म नंबर-3 पर हुआ।

    मालगाड़ी कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से होकर कैथल स्थित अडाणी के साइलो, सोलू माजरा की ओर जा रही थी। मालगाड़ी के शुरुआती चार डिब्बों में से तीन डिब्बे पटरी से उतरे। मालगाड़ी के पहियों को बड़ा नुकसान पहुंचा। कई पहिये जमीन में धंस गए, जबकि एक पहिया रेलवे लाइन के किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। न केवल बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, बल्कि एक घंटा रेलगाड़ियों का संचालन भी रुक गया।

    एक घंटे बाद शुरू हुआ संचालन

    हादसे के कारण ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन की आपूर्ति बाधित हो गई। डिब्बों की टक्कर से बिजली का एक खंभा झुक गया और अन्य खंभों को भी नुकसान पहुंचा। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक और बिजली लाइन की मरम्मत शुरू की।

    राहत एवं बचाव टीम ट्रैक बहाली के कार्य में जुटी रही। एक घंटा बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा सका। कुरुक्षेत्र-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन करनाल स्टेशन पर रोकी गई, जबकि अमृतसर-मुंबई पश्चिम एक्सप्रेस और मुंबई-अमृतसर पश्चिम एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे की देरी से चलीं।

    खबरें और भी

    पठानकोट-दिल्ली ट्रेन भी लगभग एक घंटा प्रभावित रही। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका है, लेकिन सही कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।