नारनौल में भारी बारिश के बीच ढही 100 साल पुरानी हवेली, मलबे की चपेट में आया बिजली का पोल; टला बड़ा हादसा
हरियाणा के छिलरो गांव में बारिश के बीच 100 साल पुरानी जर्जर हवेली ढह गई, जिससे बिजली का खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि ...और पढ़ें

नरेंद्र के मकान पर पंहुचे ग्रामीण । ग्रामीण
HighLights
100 साल पुरानी जर्जर हवेली बारिश में ढही।
बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हुआ, कोई जनहानि नहीं हुई।
सरपंच ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटवाया, सुरक्षा पर सवाल।
संवाद सूत्र, निजामपुर (नारनौल)। पिछले एक सप्ताह से हो रही वर्षा के बीच गांव छिलरो में शनिवार सुबह करीब सात बजे करीब 100 वर्ष पुरानी जर्जर हवेली का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।
मलबा रास्ते के साथ सामने रह रहे नरेंद्र के मकान के पास जा गिरा और पास खड़े बिजली के खंभे से भी जा टकराया, जिससे खंभा जर्जर होकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति मलबे की चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
घटना ने गांव में लंबे समय से खड़ी जर्जर हवेलियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही ग्राम सरपंच विक्रम पहलवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों की सहायता से रास्ते तथा नरेंद्र के घर के सामने पड़े मलबे को हटवाकर दूसरी जगह डलवाया।
हादसे के बाद ग्रामीणों में अन्य जर्जर हवेलियों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
60 हिस्सेदारों की हवेली, अधिकांश ने बदल लिए आशियाने
सरपंच के अनुसार इस जर्जर हवेली में करीब 60 लोगों की हिस्सेदारी है। अधिकांश हिस्सेदार गांव में दूसरी जगह मकान बनाकर रहने लगे हैं, जबकि कुछ परिवार शहरों में बस चुके हैं।
गांव में ऐसी कई पुरानी हवेलियां हैं, जिनमें वर्षों से कोई नहीं रहता। कुछ हवेलियों में केवल एक-दो परिवार रह रहे हैं, जबकि बाकी हिस्सेदार नए मकानों में चले गए हैं।
मुनादी कर जर्जर हवेलियों के मालिकों को चेताया
हादसे के बाद ग्राम चौकीदार के माध्यम से पूरे गांव में मुनादी करवाई गई। इसमें जर्जर हवेलियों के मालिकों और हिस्सेदारों से समय रहते उनकी मरम्मत करवाने अथवा उन्हें सुरक्षित तरीके से गिरवाने को कहा गया।
खबरें और भी
साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में जर्जर भवन के कारण किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान होता है तो संबंधित हिस्सेदार स्वयं जिम्मेदार होंगे।
सरपंच विक्रम पहलवान ने कहा कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर मजदूरों की सहायता से मलबा हटवा दिया गया। गांव में अन्य जर्जर हवेलियों को लेकर भी लोगों को सचेत किया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान किसी बड़े हादसे की नौबत न आए।
वहीं, बिजली विभाग के एसडीओ अमित ने बताया कि हवेली का मलबा गिरने से बिजली का एक पोल जर्जर हो गया है। इसे जल्द बदलवा दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- हड़ताल का असर: हरियाणा में नहीं उठा तीन हजार टन कूड़ा, बारिश होने से फैल रही बदबू; 87 निकायों में सफाई ठप
यह भी पढ़ें- दिल्ली के देवली में बारिश से गिरी पार्किंग की दीवार, 10 से ज्यादा कारें मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त