'अभी तो एक मर्डर हुआ है, पांच और कर दूं तो सजा उतनी ही मिलेगी', बदमाशों ने फायरिंग कर फैलाई दहशत
नारनौल के पास भगवाड़ी खुर्द गांव में महेंद्रगढ़ के लोकेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कुआं पूजन कार्यक्रम के बाद हुए इस हमले में सोनू शर्मा और ग ...और पढ़ें
-1769562542823_m.webp)
लोकेश यादव की राजस्थान के भगवाड़ी खुर्द गांव में गोली मारकर हत्या।
HighLights
महेंद्रगढ़ के लोकेश यादव की राजस्थान में गोली मारकर हत्या।
आरोपियों ने गांव में दहशत फैलाई, जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीमें गठित कीं, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के मांदी गांव निवासी युवक लोकेश यादव की राजस्थान के भगवाड़ी खुर्द गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज वारदात के बाद बदमाशों ने पूरे गांव में दहशत फैलाते हुए दो घरों पर फायरिंग की और लोगों को जान से मारने की धमकी दी। आरोपितों ने जाते समय कहा ,“अभी तो एक मर्डर हुआ है, पांच और कर दूं तो सजा उतनी ही मिलेगी।”
इस घटना से गांव में भारी तनाव और भय का माहौल बन गया। घटना कोटपूतली- बहरोड़ जिले के भगवाड़ी खुर्द गाव की है, जो नारनौल शहर से महज 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। सोमवार रात यहां कुआं पूजन का पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था। यह गांव मृतक लोकेश की दादी का पैतृक गांव है।
मृतक लोकेश मांदी गांव निवासी देवांश के साथ अपने चाचा सुनील के बेटे के जन्म पर आयोजित कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने मांदी से आया था। रात करीब साढ़े नौ बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सभी सदस्य घर में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाहर से गाली गलौज की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर लोकेश और देवांश बाहर निकले। बाहर देखा तो भगवाड़ी कलां निवासी सोनू शर्मा और उसका साला नीमराना क्षेत्र के तलवाना निवासी गौरव गाली गलौज कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सोनू शर्मा ने पिस्तौल निकाल ली और फायर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बदमाश स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर आए थे।
खबरें और भी
सोनू ने बेहद नजदीक से लोकेश के सीने पर गोली चला दी। गोली सीधे सीने में जा लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपितों ने दो और फायर किए। दूसरी गोली दीवार में लगी, जबकि तीसरा फायर परिवादी देवांश पर किया गया, जो बाल बाल बच गया। तीन राउंड फायरिंग के बाद दोनों आरोपित हवाई फायर करते हुए स्कार्पियो लेकर मौके से फरार हो गए।
अचानक हुई गोलियों की आवाज से कार्यक्रम स्थल पर अफरा तफरी मच गई और खुशी का माहोल पल भर में चीख पुकार में बदल गया। घटना के तुरंत बाद स्वजन गंभीर रूप से घायल लोकेश को अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एक्स रे जांच में उसके शरीर में गोली फंसी मिली, जिसे बाद में निकाला गया। इस मामले में मांदी गांव निवासी देवांश ने बहरोड़ सदर थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देवांश ने बताया कि वह और लोकेश दोनों कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। पुलिस ने आरोपितों सोनू शर्मा और गौरव के विरुद्ध हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि हत्या के बाद देर रात दोनों बदमाश दोबारा गांव में लौट आए। उन्होंने घरों के दरवाजे पीटे, फायरिंग की और लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई और कई परिवारों ने रात जागकर बिताई।
बहरोड़ डीएसपी सचिन शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।