NCR के इस शहर में पारा पहुंचा 1.6 डिग्री, सूखे पाले से कांप उठे लोग; ऑरेंज अलर्ट जारी
महेंद्रगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जहां तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। सूखे पाले और ...और पढ़ें
-1768186715235_m.webp)
महेंद्रगढ़ में सूखा पाला पड़ने से ठंड बढ़ी। जागरण
HighLights
महेंद्रगढ़ में तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरा।
सूखे पाले से सब्जियों की फसल को नुकसान का अंदेशा।
हरियाणा में शीतलहर और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट।
जागरण संवाददाता, महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में लगातार ठंड बढ़ रही है। सोमवार को जिले में जमकर सूखा पाला पड़ा, जिस वजह से तापमान 1.6 डिग्री तक गिर गया है। खेतों में पाला जमने लगा है। इससे सब्जियों की फसल में नुकसान का अंदेशा है। हरियाणा में सबसे ठंडा नारनौल है।
बर्फीली हवाओं के बीच जिले में कड़ाके की ठंड का दौर जारी
नारनौल जिला इन दिनों बर्फीली उत्तरी हवाओं की चपेट में है, जिससे दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। लगातार कोहरे की चादर छाई रहने से शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है, जबकि रात के समय तेज सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन और पाला जमने की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन के अनुसार, उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है। इसी वजह से हरियाणा और एनसीआर में कोल्डब्लास्ट जैसी स्थिति बन रही है, जिससे ठंड अपने तीखे तेवर दिखा रही है। भारतीय मौसम विभाग ने इस पूरे क्षेत्र के लिए शीतलहर, शीत दिवस और घने कोहरे को लेकर ऑरेंजअलर्टजारी किया हुआ है।

रविवार सुबह दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुसार, नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से काफी कम है। हिसार में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री और सिरसा में 3.0 डिग्रीसेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश जिलों में रात का तापमान 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है। इसी कारण कई स्थानों पर पाला जमने और शीत लहर का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है।
डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि हरियाणा–एनसीआर क्षेत्र में ठंड का ट्रिपलअटैक देखने को मिल रहा है, जिसमें शीतलहर, शीत दिवस और घना कोहरा एक साथ असर डाल रहे हैं। हवाएं धीमी रहने की स्थिति में कोहरे की तीव्रता और बढ़ सकती है, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हो रही है।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिन तक यह सर्द दौर जारी रहने की संभावना है। दिन और रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। कुछ स्थानों पर कोल्डवेव से लेकर सीवियरकोल्डवेव जैसी स्थिति बनने के आसार हैं। हालांकि, 15 जनवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे आंशिक बादलवाही देखने को मिल सकती है, लेकिन इससे तत्काल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।