नारनौल में चिट्टे के बड़े सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, महिला तस्कर गिरफ्तार
नारनौल में 12 ग्राम चिट्टे की बरामदगी से शुरू हुई जांच में नशीले पदार्थ के सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ ...और पढ़ें
-1788690558571_m.webp)
महिला तस्कर गिरफ्तार। जागरण
HighLights
नारनौल में 12 ग्राम चिट्टे की बरामदगी से जांच शुरू हुई।
नशीले पदार्थ सप्लाई करने वाली जसविंद्र कौर महिला गिरफ्तार हुई।
पुलिस अब बड़े ड्रग सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, नारनौल। नारनौल में 12 ग्राम चिट्टे की बरामदगी से शुरू हुई जांच अब नशे के सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने लगी है। अप्रैल में पकड़े गए दो युवकों से पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सीआइए नारनौल ने नशीला पदार्थ सप्लाई करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान हुडा सेक्टर, नारनौल निवासी जसविंद्र कौर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 5 सितंबर को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में नसीबपुर जेल भेज दिया गया।
यह मामला 15 अप्रैल का है। सीआइए नारनौल की टीम ने निजामपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नियाज अलीपुर निवासी दीपक और बाछौद निवासी मोहित को काबू किया था। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई थी। इस संबंध में थाना निजामपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
पूछताछ में सामने आया सप्लाई का लिंक
मामले की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने पर फोकस किया। जांच में सामने आया कि दीपक और मोहित ने बरामद नशीला पदार्थ जसविंद्र कौर से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने तथ्यों की पुष्टि करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया।
अब बड़े नेटवर्क की तलाश
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण के अनुसार, महिला से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसे चिट्टा कहां से मिलता था और आगे किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार की कड़ियों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को तोड़ना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ अभियान जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे की सप्लाई या तस्करी से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आसपास नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
