नारनौल में रास्ता पूछने के बहाने किया किडनैप, गहने और 25 हजार लूटे; 48 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार
नारनौल पुलिस ने अपहरण, मारपीट और लूटपाट के मामले में 48 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को पलवल से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को नशीला पदार्थ सुं ...और पढ़ें

अपहरण और लूटपाट मामले का 48 घंटों में खुलासा। (AI Generated Image)
HighLights
नारनौल पुलिस ने 48 घंटे में पांच आरोपी किए गिरफ्तार।
अपहरण, मारपीट और ऑनलाइन लूटपाट का मामला सुलझाया।
पलवल से पकड़े गए, वारदात में प्रयुक्त गाड़ी भी बरामद।
जागरण संवाददाता, नारनौल। पुलिस ने अपहरण, मारपीट और जबरन आनलाइन व कैश लूटपाट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआइए नारनौल व थाना सदर नारनौल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 जून को वारदात में शामिल पांच आरोपितों को पलवल क्षेत्र से धर दबोचा। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया है।
अभी तक की जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपितों में से दो आरोपितों का पहले भी आपराधिक रिकार्ड रहा है। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
रास्ता पूछने के बहाने वारदात को दिया अंजाम
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के रहने वाले पीड़ित अजय ने थाना सदर नारनौल पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह 10 जून की रात को महेंद्रगढ़ के गांव चिंडालिया में एक एक परिचित से मिलने आया हुआ था। रात लगभग 11:00 बजे जब वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी अचानक एक गाड़ी आकर रुकी।
गाड़ी में सवार युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उसको नजदीक बुलाया और उसके चेहरे पर कोई नशीला पदार्थ छिड़क कर उसे जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया। गाड़ी चलते ही बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देकर उसके सोने की चैन, बालियां, चांदी की अंगूठियां और जेब में रखे नकद रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपितों ने डरा-धमका कर पीड़ित के फोन से 25,000 रुपये आनलाइन माध्यम से अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
खबरें और भी
अनियंत्रित होकर पलटी बदमाशों की गाड़ी
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों की गाड़ी कुछ किलोमीटर आगे जाकर अनियंत्रित होकर पलट गई और उसका टायर पंचर हो गया। इस हादसे का फायदा उठाकर पीड़ित किसी तरह उनके चंगुल से भाग निकला और एक राहगीर की मदद से परिचितों को फोन कर इसकी सूचना दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुक्रवार को इस वारदात में शामिल आरोपितों अमित वासी सांजरवास (जिला चरखी दादरी), अरुण वासी सांजरवास (जिला चरखी दादरी), गौरव वासी रणकोली (जिला चरखी दादरी), अजय वासी नाथूवास (जिला भिवानी) और निखिल वासी सांवड़ (जिला चरखी दादरी) को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है।