अन्नपूर्णा रथ हर दिन 200 लोगों को कराएगी 10 रुपये में भरपेट भोजन, जानिए नारनौल की यह पहल
रोटरी क्लब नारनौल सिटी ने शरद पूर्णिमा पर मोबाइल किचन 'अन्नपूर्णा रथ' शुरू किया है। यह रथ जरूरतमंदों को मात्र 10 रुपये में गर्म और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराएगा।

अन्नपूर्णा रथ के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन कराया जाएगा। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रोटरी क्लब नारनौल ने 'अन्नपूर्णा रथ' का शुभारंभ किया।
जरूरतमंदों को मात्र 10 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन।
नागरिक अस्पताल के बाहर प्रतिदिन उपलब्ध होगा भोजन।
जागरण संवाददाता, नारनौल। रोटरी क्लब नारनौल सिटी ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट रोटरी रसोई का विस्तार करते हुए शरद पूर्णिमा पर मोबाइल किचन ‘अन्नपूर्णा रथ’ की शुरुआत की। इस रथ के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को मात्र 10 रुपये में गर्म, स्वच्छ और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका विशेष लाभ नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों, उनके स्वजन, श्रमिकों और असहाय लोगों को मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब की यह पहल मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण है। नर सेवा ही नारायण सेवा है और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना पुण्य का कार्य है। ऐसी पहल दूसरे संस्थानों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करती है।
क्लब प्रधान गोपाल मित्तल ने बताया कि रोटरी रसोई शहरवासियों के सहयोग से संचालित की जा रही है। अन्नपूर्णा रथ इसी सेवा का विस्तार है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना है।
प्रोजेक्ट इंचार्ज रोटेरियन प्रवीण संघी ने बताया कि मोबाइल किचन में एक साथ 200 लोगों का भोजन रखने और गर्म रखने की व्यवस्था है। रथ प्रतिदिन दोपहर में नागरिक अस्पताल के बाहर खड़ा रहेगा और लोगों को 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराएगा।
रथ के दानदाता हैदराबाद की शिव नारायण फाउंडेशन से जुड़े समाजसेवी कमल किशोर अग्रवाल ने कहा कि अपनी जन्मभूमि के लिए सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने यह रथ अपने परिवार की ओर से नारनौल की जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर सीएमओ डाॅ. अशोक कुमार, विवेक अग्रवाल, एडवोकेट राजकुमार यादव, नरेश गोगिया, राजकुमार चौधरी, हितेंद्र शर्मा, पवन गुप्ता, विनय मित्तल, शुभम कंछल, संजय गर्ग, विजय जिंदल, डाॅ. एमएम रावत, डाॅ. ऊषा यादव, गीतांजलि चौधरी, रेनू मित्तल सहित रोटरी क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।