विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में अफसरों की खींचतान में फंसी जनता, दूषित पानी और बदबू से जीना दुश्वार; सता रहा बीमारियों का डर

Published: Wed, 21 Oct 2026 02:44 PM (GMT+05:30)

होडल की आदर्श कॉलोनी में जन स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के बीच तालमेल की कमी से दूषित पानी की ...और पढ़ें

दूषित पानी से लोगों का जीना दूश्वार ( एआई जेनरेटेड इमेज )

दूषित पानी से लोगों का जीना दूश्वार ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. जन स्वास्थ्य विभाग-नगर परिषद के तालमेल की कमी से निकासी ठप।

  2. होडल की आदर्श कॉलोनी में वर्षों से दूषित पानी जमा।

  3. बदबू, मच्छर और हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा।

अंकुर अग्निहोत्री, होडल। जन स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों के बीच आपसी तालमेल का अभाव शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।

हालात यह हैं कि एक विभाग दूसरे विभाग की जिम्मेदारी बताकर समस्या से पल्ला झाड़ लेता है, जबकि समाधान की आस में लोग कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

दूषित पानी की निकासी समस्या का सबब

ऐसा ही मामला पुरानी जीटी रोड स्थित गढ़ी चौक से डबचिक जाने वाले मार्ग पर आदर्श कालोनी का है, जहां वर्षों से दूषित पानी की निकासी की समस्या बनी हुई है।

कॉलोनी में सड़क किनारे स्थित बैंक्वेट हाल के सामने जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीवर लाइन और नगर परिषद की ओर से नाली का निर्माण कराया गया है।

इसके बावजूद दूषित पानी की निकासी सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। नतीजतन, कॉलोनी का गंदा पानी मुख्य सड़क के किनारे जमा रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई वर्षों से इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं। लेकिन, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

बदबू और मच्छरों से जीना हुआ मुश्किल

स्थानीय लोगों के अनुसार, बैंक्वेट हॉल के सामने सीवर लाइन अक्सर जाम रहती है। वहीं, नगर परिषद की नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से समस्या और गंभीर हो जाती है।

लोगों का कहना है कि शिकायत करने पर कभी सीवर लाइन तो कभी नाली की समस्या बताकर जिम्मेदारी दूसरे विभाग पर डाल दी जाती है। दोनों विभागों के बीच तालमेल नहीं होने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

राहगीर कमल, प्रवीण, उदय सिंह, ओम प्रकाश, कल्याण, दया किशन और नरेश कुमार ने बताया कि इस मार्ग से गुजरते समय सड़क किनारे जमा दूषित पानी से उठने वाली तेज बदबू का सामना करना पड़ता है। गंदे पानी के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।

झाड़ियों से बढ़ रहा हादसों का खतरा

लंबे समय से जमा दूषित पानी के कारण सड़क किनारे झाड़ियां भी उग आई हैं। रात के समय अंधेरा होने पर यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से मांग की है कि आपसी तालमेल के साथ सीवर लाइन की सफाई कराई जाए, नालियों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और दूषित पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

सड़क किनारे भरे दूषित पानी से निकलने वाली तीव्र बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती है। -
विनोद कुमार

वह जब भी इस रास्ते से निकलते हैं रास्ते में भरे गंदे पानी की बदबू का सामना करना पड़ता है। रात के अंधेरे में दुर्घटना होने की भी आशंकाएं बनी रहती हैं। अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए।- योगेश

नालियों की सफाई के लिए कर्मचारियों की लगातार ड्यूटी लगाई जाती है। कॉलोनी में सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर बाहर आ रहा है। उन्होंने पहले भी संबंधित कर्मचारियों को अवगत कराया था। नालियों की दोबारा सफाई करा दी जाएगी।- डीके सोलंकी, एसडीओ नगर परिषद

यह भी पढ़ें- 'हम हैं भारत के असली जेन अल्फा और जेन जी...' का मेरठ में उद्घोष; युवा पीढ़ी से गुमराह न होने की अपील

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।