यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'पलवल तक आएगी मेट्रो, कांग्रेस की सरकार आने पर बल्लभगढ़ से आगे होगा काम पूरा', भूपेंद्र हुड्डा ने किया वादा
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के कार्यकाल की उपलब्धियों और भाजपा की विफलताओं की तुलना कर ली है। कांग्रेस ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पलवल। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही है और जनता ने कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना लिया है। कांग्रेस की सरकार आने पर प्रदेश में तेजी से विकास होगा और बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो लाने का कार्य किया जाएगा।
हुड्डा रविवार को गदपुरी में पृथला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रघुवीर सिंह तेवतिया के समर्थन में जन आर्शीवाद रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान जननायक जनता पार्टी और आजाद समाज पार्टी गठबंधन से प्रत्याशी गिर्राज जटोला ने तेवतिया को अपना समर्थन देने की भी घोषणा की।
भाजपा शासन में हरियाणा बेरोजगारी, अपराध, महंगाई में नंबर वन: हुड्डा
अपने संबोधन में हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के कार्यकाल की उपलब्धियों और भाजपा की विफलताओं की तुलना कर ली है। कांग्रेस के समय में हरियाणा प्रदेश प्रति व्यक्ति आय और निवेश में नंबर एक प्रदेश था। प्रदेश खेलों में नंबर एक स्थान पर था। लेकिन भाजपा शासन में हरियाणा बेरोजगारी, अपराध, महंगाई में नंबर एक प्रदेश बना गया है।
कांग्रेस की सरकार आने पर प्रदेश में गुंडागर्दी खत्म: हुड्डा
महिला पहलवानों को अपने हक के लिए सड़कों पर धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। कांग्रेस की सरकार आने पर प्रदेश में गुंडागर्दी खत्म की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों की आमदनी 2022 तक दोगुनी करने का वादा किया था। किसानों की आमदनी तो नहीं बढ़ी बल्कि फसलों की लागत बढ़ गई है। कांग्रेस की सरकार आने पर किसानों की फसलों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी।
खबरें और भी
पृथला क्षेत्र के विकास, मान, सम्मान की जिम्मेदारी मेरी: हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पृथला विधानसभा क्षेत्र की जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि आप मेरा एक काम कर दो, मैं भी आपका एक काम करूंगा। आप रघुबीर तेवतिया को पृथला से विधायक बना दो मैं आपसे वायदा करता हूं कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनाकर पृथला क्षेत्र के विकास, मान, सम्मान की जिम्मेदारी मेरी होगी। रघुबीर तेवतिया ने हुड्डा को पृथला क्षेत्र के सभी 104 गांव की ओर से शक्ति रूप गदा भेंट कर सम्मान किया।