पलवल में AVT का बड़ा एक्शन, कार से 24 हजार प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद; तस्कर गिरफ्तार
पलवल में उटावड-होडल रोड पर एवीटी टीम ने एक कार से 24,000 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
-1792759334676_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
पलवल में 24,000 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।
उटावड-होडल रोड पर कार से एक तस्कर गिरफ्तार हुआ।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, पलवल। उटावड-होडल रोड पर एवीटी की टीम ने कार से 24,000 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। मौके से नशा तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। उटावड थाना में आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस की धारा में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को सुबह एवीटी हथीन की टीम के एएसआई पवन कुमार पुलिसकर्मियों के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही अलर्ट पर पुलिस
पुलिस को जानकारी मिली की पुन्हाना के सिरौली गांव निवासी इरफान उटावड के आसपास के इलाकों में नशीले कैप्सूलों की सप्लाई करता है और वह सफेद रंग की कार में प्रतिबंधित कैप्सूल लेकर आ रहा है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उटावड-होडल रोड पर गरीबा स्कूल के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों ने कोट की तरफ से आ रही संदिग्ध कार को रोककर चालक की तलाशी ली गई।
गाड़ी में 100 पैकेट कैप्सूल मिला
नोडल अधिकारी की उपस्थिति में कार की पिछली सीट पर रखी गत्ता पेटी की तलाशी लेने पर उसमें से एनआरएक्स डाइसाइक्लोमाइन, ट्रामाडोल और एसिटामिनोफेन कैप्सूल के कुल 100 पैकेट बरामद हुए।
प्रत्येक पैकेट में 240 कैप्सूल होने के कारण कुल 24,000 कैप्सूल मिले। जिला ड्रग कंट्रोल अधिकारी प्रवीण राठी से वाट्सअप पर कैप्सूल के बैच की फोटो भेजकर पुष्टि कराई गई, जिन्होंने इन्हें एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित श्रेणी का बताया।
कार चालक के पास नहीं मिला वैध लाइसेंस
आरोपित मौके पर दवाओं से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या बिल पेश नहीं कर सका। पुलिस ने प्रतिबंधित कैप्सूल, कार और मोबाइल को कब्जे में लेकर इरफान के विरुद्ध थाना उटावड में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले की आगामी जांच एएसआई महेंद्र सिंह को सौंप दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया जारी है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपित से उसके नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।