पलवल में डीएपी खाद की किल्लत से किसान बेहाल, बिजाई पर संकट
पलवल में गेहूं और सरसों की बिजाई के मौसम में डीएपी खाद की भारी किल्लत हो गई है, जिससे किसान सुबह से लंबी कतारों में खड़े होकर परेशान हैं।

पलवल में डीएपी खाद की किल्लत से किसान बेहाल ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
पलवल में डीएपी खाद की भारी किल्लत।
किसान सुबह से लंबी कतारों में खड़े।
बिजाई प्रभावित होने की आशंका से किसान चिंतित।
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल में गेंहू और सरसों की बिजाई का सीजन शुरू होते ही डीएपी खाद की भारी किल्लत सामने आ गई है। माल गोदाम रोड स्थित कृषक भारती सेवा केंद्र पर खाद लेने के लिए किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हालात यह हैं कि किसान सुबह छह बजे से केंद्र के बाहर लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करने को विवश हैं। लेकिन, दोपहर दो बजे तक भी कई किसानों का नंबर नहीं आ रहा है।
केंद्र के बाहर किसानों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रालियां आड़ी-तिरछी खड़ी किए जाने से मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति भी बन गई है।
सिफारिशी लोगों को प्राथमिकता का आरोप
खाद लेने पहुंचे किसानों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आम किसान पिछले कई घंटों से बिना खाए-पिए लाइनों में खड़े हैं, जबकि सिफारिशी लोगों को आसानी से खाद मुहैया कराया जा रहा है।
गांव धमाका के कुलदीप व कपिल, आमरू के सतबीर तथा नया गांव के हरपाल ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से लगातार केंद्र के चक्कर काट रहे हैं। पिछले दो दिनों तक केंद्र पर खाद का वितरण न होने के कारण आज अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
किसानों के अनुसार, सरकारी रेट1350 रुपये है, जबकि प्राइवेट दुकानों पर खाद 1500 रुपये से अधिक में मिल रहा है। छोटे दुकानदारों का कहना है कि उन्हें खुद ही महंगे रेट पर खाद मिलता है।
बिजाई प्रभावित होने की आशंका
किसानों का कहना है कि इस समय खेतों में सरसों और गेंहू की बिजाई का मुख्य समय चल रहा है, जिसके लिए डीएपी खाद की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।
सरकारी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध न होने के कारण उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। समय पर खाद न मिलने से फसल की बिजाई समय पर न होने की आशंका सता रही है, जिससे किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
कर्मचारियों की सफाई
दूसरी ओर, केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि गत रात्रि खाद की दो गाड़ियां उतरी थीं, जिन्हें अनलोड करने के बाद वितरण शुरू किया गया है। वर्तमान में केंद्र पर करीब 1500 कट्टे खाद के उपलब्ध हैं।
कर्मचारियों ने बताया कि कल सरकारी अवकाश के कारण वितरण नहीं होगा। हालांकि, शाम तक खाद की एक और गाड़ी आने की संभावना है, जिसके बाद स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में सड़क ढांचे का होगा कायाकल्प, 24 करोड़ की लागत से तैयार होंगी तीन नई 'मॉडल रोड'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।