Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पलवल में 60 लाख कीमत का 200 किलो गांजा बरामद, राजस्थान के दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 12:41 PM (IST)

    पलवल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लाख रुपये का 201.75 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. पलवल पुलिस ने 201.75 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

    2. बरामद गांजे की कीमत लगभग 60 लाख रुपये है।

    3. ओडिशा से राजस्थान ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार।

    जागरण संवाददाता, पलवल। जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलवल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी नारकोटिक्स सेल ने कैंटर से करीब 60 लाख रुपये कीमत का 201.75 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो कांच की बोतलों के नीचे छिपाकर नशे की यह बड़ी खेप ओडिशा से राजस्थान ला रहे थे। आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ के लिए सात दिन के रिमांड पर लिया गया है।

    एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी विश्व गौरव ने बताया कि उनकी टीम 27 जून की रात हसनपुर चौक होडल के पास मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि अलवर (राजस्थान) का रहने वाला पवन और लियाकत एक टाटा कैंटर में भारी मात्रा में ओडिशा से गांजा छिपाकर ला रहे हैं। यह गाड़ी मथुरा के रास्ते होडल व नूंह होते हुए राजस्थान जाने वाली है।

    सूचना के आधार पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर कोसीकलां की तरफ से आने वाले वाहनों की सख्त नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध कैंटर को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया गया और उसमें सवार दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया।

    पकड़े गए आरोपितों की पहचान पवन कुमार और लियाकत के रूप में ही हुई। जब पुलिस ने कैंटर की तलाशी ली, तो उसमें कांच की बोतलों के नीचे छिपाकर रखे गए 18 प्लास्टिक के बड़े कट्टे बरामद हुए। इन कट्टों में प्रतिबंधित गांजा भरा हुआ था। वजन करने पर कुल 201.75 किलोग्राम गांजा पाया गया।

    खबरें और भी

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

    पुलिस ने बरामद गांजे, कैंटर और उसमें लोड सामान को कब्जे में लेकर थाना होडल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने बताया कि इस पूरे ड्रग रैकेट के नेटवर्क और इसके मास्टरमाइंड का पता लगाने के लिए आरोपितों को अदालत में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है।

    अलवर से दिल्ली-एनसीआर में आपूर्ति होना था नशीला पदार्थ

    जानकारी के अनुसार नशा तस्करों को इतनी बड़ी में मात्रा में गांजा राजस्थान के अलवर ले जाना था। अलवर में यह गांजा किसे आपूर्ति करना था, अभी पुलिस इसका खुलासा नहीं कर रही है। लेकिन यह नशीला पदार्थ अलग-अलग मात्रा में अलवर से दिल्ली-एनसीआर में छोटे नशा तस्करों को आपूर्ति होना था। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क समेत सोर्स आरोपितों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।