पलवल में करोड़ों की सीवर लाइन बनी आफत, टूटे मैनहोल से हादसों का मंडरा रहा खतरा
हसनपुर में करोड़ों की सीवर लाइन जन स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी से मुसीबत बन गई है, जिससे सड़कों पर गंदा ...और पढ़ें

हसनपुर में सीवर लाइन बनी आफत, टूटे मैनहोल से बढ़ रहा हादसों का खतरा। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
हसनपुर में करोड़ों की सीवर लाइन बनी मुसीबत।
टूटे मैनहोल और जाम सीवर से बढ़ रहे हादसे।
विभाग की अनदेखी पर स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी।
संवाद सहयोगी, हसनपुर। जन स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के चलते हसनपुर क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से बिछाई गई सीवर लाइन अब ग्रामीणों और व्यापारियों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है। कई जगहों पर सीवर जाम होने से सड़कों पर बदबूदार गंदा पानी फैल रहा है, तो कहीं मैनहोल के टूटे ढक्कन हर समय गंभीर दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।
मुख्य बाजार और मंदिर मार्ग पर स्थिति विकराल
हसनपुर के मुख्य बाजार में पिछले एक सप्ताह से सीवर के मैनहोल का ढक्कन टूटा पड़ा है। इसके अलावा शेडकी मंदिर मार्ग पर भी सीवर टैंक का ढक्कन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। तालाब चौक अत्यधिक व्यस्त इलाका होने के कारण यहां दिनभर भारी वाहनों, दोपहिया चालकों और पैदल राहगीरों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में खुले और टूटे मैनहोल के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
अंधेरा होते ही बढ़ जाता है जान का जोखिम
स्थानीय निवासियों का कहना है कि दिन के समय तो लोग बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में टूटे हुए ढक्कन दिखाई न देने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के गिरने का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी रोजाना इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या को अनदेखा किया जा रहा है।
बेसहारा पशुओं पर भी मंडरा रहा संकट
सड़क पर भटकने वाले बेसहारा मवेशी भी इन टूटे ढक्कनों के कारण लगातार चोटिल हो रहे हैं। शेडकी मंदिर मार्ग पर अक्सर मवेशियों का जमावड़ा रहता है, जहां खुले सीवर टैंक में पैर फंसने से पशु घायल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
क्षेत्र के निवासियों और दुकानदारों ने जन स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि बाजार व मंदिर मार्ग पर स्थिति टूटे मैनहोल के ढक्कनों को तुरंत बदलवाया जाए और सीवर जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।
सीवर के टैंकों के टूटे हुए ढक्कन जहां राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं, वहीं ये बेसहारा पशुओं के लिए भी खतरा बने हुए हैं, विभागीय अधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए- किशनचंद शर्मा
जन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही आमजन के लिए मुसीबत बनती जा रही है। कहीं पर सीवर जाम से लोग परेशान हैं तो कहीं सीवर के मेनहाल के ढक्कन टूटे पड़े हुए हैं- सूरजभान वशिष्ठ
बाजार में भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में सीवर के मेनहाल के ढक्कन टूटे होने से बाजार में आने वाले ग्राहक भी प्रभावित हो रहे हैं। विभागीय कर्मचारियों को शीघ्र ही ढक्कनों को बदलना चाहिए- भगवान सिंह,पूर्व पंचायत सदस्य
जहां जहां से सीवर संबंधित शिकायतें मिलती हैं, वहां कर्मचारियों को भेजकर उसका निवारण किया जाता है, अगर कहीं पर सीवर के मेनहाल के ढक्कन टूटे हुए हैं तो उन्हें तुरंत बदलवा दिया जाएगा ताकि आमजन को परेशानी न हो- राहुल कुमार, कनिष्ठ अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग
यह भी पढ़ें- लाडो लक्ष्मी योजना: अब 1.80 लाख आय वाले परिवारों को भी मिलेंगे 2,100 रु प्रति माह
